ये कैसा चमत्कार? अंतिम संस्कार के वक्त जिंदा हुई 3 साल की बच्ची, घंटेभर बाद फिर निकले प्राण
नई दिल्ली: कुछ दिनों पहले मेक्सिको में तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। उसके परिवार वाले उसका अंतिम संस्कार करने जा रहे थे, तभी अचानक कुछ ऐसा हुआ कि उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि उनकी बेटी की सांसें चल रही थीं। उनके अंदर उम्मीद जागी कि उनकी बेटी मौत को मात देकर लौट आई है, लेकिन घंटेभर बाद उन्हें फिर से झटका लगा।

डिहाइड्रेशन से थी पीड़ित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 3 साल की कैमिला पराल्टा डिहाइड्रेशन से पीड़ित थीं। घर वालों ने उनको सैन लुइस पोटोसी के अस्पताल में भर्ती करवाया। उनको बुखार और उल्टी की भी शिकायत थी। ऐसे में डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। साथ ही उनके घर वालों को बाहर इंतजार करने को कहा। सभी कैमिला के ठीक होने का इंतजार कर रहे थे, तभी डॉक्टरों ने उन्हें एक बुरी खबर सुनाई।

ताबूत में रखकर दे रहे थे अंतिम विदाई
परिजनों के मुताबिक डॉक्टर उस कमरे से बाहर आए और उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। इसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार की तैयारी की। वो ईसाई धर्म को मानते थे, ऐसे में उन्होंने एक ताबूत तैयार करवाया, जिसके ऊपरी हिस्से में कांच लगा था। जब बच्ची को उसमें रखकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया तो वहां कुछ ऐसा हुआ कि सबके होश उड़ गए।

सांसें चल रही थीं
घर वालों ने देखा कि ताबूत में लेटी उनकी बेटी की सांसें चल रही हैं। उन्होंने तुरंत उसको वहां से बाहर निकाला और सबकुछ छोड़कर अस्पताल भागे। ये वो वास्तव में एक चमत्कार की तरह था कि उनकी बेटी वापस लौट आई थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद उनको एक और बुरी खबर मिली। डॉक्टरों ने बच्ची की दोबारा जांच की और फिर से उसे मृत घोषित कर दिया।

मां ने कही ये बात
बच्ची की मां ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम सभी का दिल टूट गया है, क्योंकि मेरी बेटी बहुत खुश थी। वो मुझसे कहती थी मां मैं स्कूल जाना चाहती हूं। वो पहले से ही प्री की क्लास शुरू करना चाहती थी, लेकिन उसका निधन हो गया। जब दोबारा से उसकी सांसें लौटीं, तो वो काफी खुश हुए, लेकिन घंटेभर बाद दोबारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।

जांच शुरू हुई
वहीं जनरल स्टेट अटॉर्नी जोस लुइस रुइज ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक टीम शव का परीक्षण कर रही और ये पता लगाने की कोशिश कर रही कि बच्ची की मौत कैसे हुई। कुछ महीनों पहले पेरू में एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया, लेकिन जब उसे ताबूत में बंद किया गया तो वो जिंदा निकली। इसके बाद अंतिम संस्कार में जमकर हंगामा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications