26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आजम चीमा की पाकिस्तान में मौत.. कसाब का एक और 'बाप' पहुंचा नर्क
Azam Cheema Dies in Pakistan: भारत के शीर्ष खुफिया सूत्रों ने कहा है, कि लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) आतंकवादी संगठन के वरिष्ठ कमांडर और 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के मुख्य साजिशकर्ता आजम चीमा की पाकिस्तान के फैसलाबाद शहर में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है।
इंडिया टूडे ने सूत्रों के हवाले से बताया है, कि आजम चीमा 2006 में मुंबई में हुए ट्रेन बम धमाकों का मास्टरमाइंड था, जिसमें 188 लोग मारे गए थे और 800 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

पाकिस्तान में आजम चीमा की मौत
इसके अलावा, अमेरिकी सरकार ने मुंबई में 2008 के हमलों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों की लिस्ट में आजम चीमा को मास्टरमाइंड करार देते हुए उसे मोस्ट वांटेड आतंकवादी करार दिया था, जिसमें छह अमेरिकियों सहित कुल 166 लोगों की मौत हो गई थी।
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया है, कि आजम चीमा का अंतिम संस्कार फैसलाबाद के मलखानवाला में किया गया है।
आपको बता दें, कि 26 नवंबर 2008 को 10 पाकिस्तानी आतंकवादी समुद्री रास्ते से दक्षिण मुंबई इलाके में दाखिल हुए और ताज महल पैलेस होटल समेत कई जगहों पर हमला किया था, जिसमें एक मात्र जिंदा आतंकी अजमल कसाब जिंदा बचा था, जिसे सालों तक चले मुकदमे के बाद फांसी दे दी गई। मुंबई हमले में 166 लोग और 18 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।
हालांकि, इस हमले का एक और मास्टरमाइंड हाफिज सईद अभी भी पाकिस्तान में जिंदा है, जिसे भी मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वो बच गया था।












Click it and Unblock the Notifications