अफगानिस्तान में सैलरी के इंतजार में खड़े थे लोग और हो गया ब्लास्ट, 29 लोगों की मौत
काबुल। अफगानिस्तान में एक और आतंकी हमला हुआ है और इस बार यह हमला यहां के लश्करगाह में हुआ है। कार बम हमले में 29 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 60 लोग घायल हैं। अफगानिस्तान की न्यूज एजेंसी टोलो न्यूज ने स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है।

सेना और पुलिस के अलावा आम नागरिक भी घायल
लश्करगाह, अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत की राजधानी है। यहां पर एक बैंक के बाहर खड़ी कार में ब्लास्ट हुआ और यह काफी शक्तिशाली ब्लास्ट था। प्रांत के गर्वनर के प्रवक्ता उमर ज्वाक ने इस पर जानकारी दी और बताया है कि जो 50 लोग घायल हैं उनमें पुलिस और सेना के लोगों के अलावा आम नागरिक और न्यू काबुल बैंक ब्रांच में काम करने वाले लोग भी शामिल हैं। ब्लास्ट अफगानिस्तान के समयानुसार दोपहर 12 बजे हुआ जब नागरिक और सुरक्षाबल के लोग बैंक के बाहर अपनी तनख्वाह लेने के लिए खड़े थे। अभी तक किसी ने भी इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पिछले माह भी अफगानिस्तान के शहर गरदेज में बैंक के बाहर ऐसा ही हमला हुआ था और बैंक को निशाना बनाया गया था। लश्करगाह, अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से 550 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।












Click it and Unblock the Notifications