इंदौर बस हादसा: घायलों का इलाज जारी, हाल जानने पहुंचे BJP और कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी
इंदौर, 23 जून: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पास भेरूघाट पर हुए बस हादसे के घायलों को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है, जहां इंदौर के एमवाय अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। घायलों का हाल जानने बीजेपी और कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी भी पहुंचे, जहां कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला और बीजेपी के महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने घायलों से बातचीत कर हाल जाना। इंदौर के नजदीक भेरूघाट पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ओवरटेक करने के चक्कर में यात्रियों से भरी बस खाई में जा गिरी, जिसके चलते 5 लोगों की मौत हो गई तो वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जारी है घायलों का इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद ग्रामीणों की सहायता से कई घायलों को खाई से बाहर लाया गया। साथ ही गंभीर घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से इलाज के लिए इंदौर भिजवाया गया, जहां एमवाय अस्पताल में सभी घायलों का इलाज फिलहाल जारी है।
बस में 50 से ज्यादा लोग सवार थे
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बस की रफ्तार काफी तेज थी, साथ ही ओवरटेक करने के चक्कर में यह हादसा हो गया, जिसके बाद बस खाई में जा गिरी और पलटी खा गई। बस में लगभग 50 से ज्यादा लोग सवार थे, जिसमें से 5 लोगों की मौत हो गई, तो वहीं कई गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा खंडवा रोड पर सिमरोल के आगे घाट सेक्शन में हुआ, जहां बस ऊंचाई से खाई में जा गिरी।












Click it and Unblock the Notifications