MP : रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज पर बारिश का साया, जानिए क्या कहता है मौसम विभाग का अनुमान?
इंदौर, 16 सितंबर : मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मुकाबले होने हैं, जहां यह मुकाबले 17 सितंबर से शुरू होंगे जो 19 सितंबर तक चलेंगे। इस दौरान विश्व के दिग्गज क्रिकेटर इस सीरीज में हिस्सा लेने इंदौर आए हैं। वहीं इंदौर में पिछले एक-दो दिन से जारी भारी बारिश ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है, जहां मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में रिमझिम बारिश की संभावना जताई है। रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जहां खेल प्रेमियों ने बड़ी संख्या में क्रिकेट मैच को देखने के लिए टिकट खरीदने हैं। वहीं यदि बारिश की संभावना बनती है, तो इससे खेल प्रेमियों को भी निराशा हाथ लगेगी।

लगातार हो रही भारी बारिश
इंदौर में हो रही लगातार भारी बारिश के चलते होलकर स्टेडियम में भी पानी भर चुका है, जहां स्टेडियम को व्यवस्थित करने के लिए कर्मचारियों की टीम तैनात की गई है। वहीं यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह से बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के तहत होने वाले मुकाबलों पर खतरा मंडरा सकता है, जहां आयोजकों को शेड्यूल बदलने पर भी विचार करना पड़ सकता है। उधर, भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला मुकाबला 19 सितंबर को खेला जाएगा। यह मुकाबला पहले 18 सितंबर को खेला जाना था।

क्रिकेट प्रेमियों में दिख रहा उत्साह
लंबे वक्त के बाद मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में क्रिकेट की बड़ी सीरीज होने जा रही है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में भी उत्साह देखने मिल रहा है। क्रिकेट प्रेमियों ने इस सीरीज के लिए टिकट खरीदने शुरू कर दिए हैं, तो वहीं टिकट के लिए खेल प्रेमियों को 500 से लेकर 2000 तक की कीमत चुकानी पड़ रही है। यह टिकट बुक माय शो के जरिए क्रिकेट प्रेमी ले रहे हैं। वहीं आगामी दिनों में होने वाले इन मुकाबलों के लिए इंदौर तैयार नजर आ रहा है।

क्रिकेट की दुनिया के दिग्गज नाम
रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज में दुनिया के दिग्गज क्रिकेटर शामिल होंगे, जहां इन क्रिकेटरों में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, वेस्टइंडीज के क्रिकेटर ब्रायन लारा, ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर ब्रेट ली और भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, हरभजन सिंह शामिल होंगे, साथ ही इस क्रिकेट सीरीज में शामिल होने के लिए दिग्गज क्रिकेटर इंदौर पहुंच चुके हैं। बहरहाल अब देखने वाली बात होगी कि मौसम विभाग की ओर से जताई गई रिमझिम बारिश की संभावना कितनी सही साबित होती है, और आने वाले दिनों में किस तरह से क्रिकेट का रोमांच इंदौर में देखने मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications