बुरहानपुर से MP में एंट्री करेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, कांग्रेस है तैयार!
इंदौर, 5 सितंबर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा को लेकर तैयारियों का सिलसिला जारी है, जहां मध्यप्रदेश में भी भारत जोड़ो पदयात्रा दस्तक देगी। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा 24 नवंबर को पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है, जहां यह यात्रा करीब 16 दिन तक मध्य प्रदेश में ही रहेगी। इस दौरान यात्रा प्रदेश के अलग-अलग शहरों से होकर राजस्थान जाएगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में मध्य प्रदेश कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं के साथ-साथ युवाओं की लंबी फौज रहेगी, जहां इस यात्रा में शामिल होने वाले पदयात्री कांग्रेस नेताओं को भारत यात्री नाम दिया गया है।

यात्रा के पदयात्री भी हैं तैयार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा निकालेंगे, जहां राहुल की भारत जोड़ो यात्रा के लिए पदयात्रियों की लिस्ट जारी कर दी गई है। इस लिस्ट पर एक नजर डालें तो इसमें मध्यप्रदेश के लगभग 10 नेताओं को पदयात्री बनाया गया है, लेकिन इंदौर से किसी भी कांग्रेसी नेता को इस यात्रा में पदयात्री ना बनाए जाने का फैसला आश्चर्यजनक रहा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा बुरहानपुर से मध्य प्रदेश में एंट्री करेगी, जिसके बाद यह पदयात्रा खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा होते हुए राजस्थान पहुंचेगी।
एमपी से ये नेता बनेंगे पदयात्री
आगामी सात सितंबर से आरंभ होने वाली 'भारत जोड़ो' यात्रा में राहुल गांधी के साथ कुल 117 नेता कश्मीर से कन्याकुमारी तक पदयात्रा करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलने वाले इन 117 नेताओं को 'भारत यात्री' नाम दिया गया है, और इनमें लगभग सभी वर्गों और प्रदेशों का प्रतिनिधित्व है। वहीं यदी मध्यप्रदेश की बात करें तो यहां से लगभग 10 पदयात्रियों को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से सचिन द्वेदी, मुकेश परमार, बीजेंद्र उइके, नूरी खान, प्रतिभा रघुवंशी, अजय पटेल, संगीता काकरिया, नितिन सिंह, मितेंद्र दर्शन और परेश नागर शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications