इंदौर भरेगा विकास की रफ्तार, नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों ने ली शपथ
इंदौर, 5 अगस्त: नगर निकाय चुनाव निपटने के बाद अब प्रदेश भर में नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों की शपथ ग्रहण का सिलसिला जारी है, जहां इस बीच प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव और बीजेपी के पार्षदों ने शपथ ग्रहण की, शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में पार्षद अपने-अपने समर्थकों के साथ अभय प्रशाल पहुंचे थे।

तिरंगे में रंगा नजर आया कार्यक्रम स्थल
नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह अभय प्रशाल में आयोजित किया गया था, जहां समारोह स्थल तिरंगे रंग में रंगा नजर आया। समारोह स्थल पर आमजन और कार्यकर्ता अपने साथ तिरंगे झंडे लेकर आए थे, जहां कार्यक्रम के जरिए हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विशेष संदेश भी दिया गया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बड़ी संख्या में आमजन और कार्यकर्ता अभय प्रशाल पहुंचे थे।
शपथ ग्रहण समारोह में नजर आए कई दिग्गज नेता
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सियासत का सिलसिला भी चला था, जिसके बाद कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को प्रशासन ने अलग शपथ दिलवाने का फैसला किया था। वहीं इसके बाद अभय प्रशाल में आयोजित समारोह के दौरान सिर्फ बीजेपी पार्षदों को ही शपथ दिलवाई गई, जहां इस दौरान मंत्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर समेत बड़ी संख्या में आमजन और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बीजेपी ने हासिल की है रिकॉर्ड जीत
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव में बीजेपी ने रिकॉर्ड जीत हासिल की है, जहां इसके बाद बीजेपी के पुष्यमित्र भार्गव देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के महापौर बने हैं, तो वहीं बड़ी संख्या में बीजेपी के पार्षदों ने भी जीत हासिल की है।












Click it and Unblock the Notifications