Indore News: इंदौर को मिलेगा ‘भारत वन’, शहर में बनेगा जंगल, कैसे, जानिए
मध्यप्रदेश में इंदौर शहर के हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वरिष्ठ नागरिकों, पर्यावरणविदों, नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित 'भारत वन स्थल' का निरीक्षण किया। यह वन करीब 36 एकड़ क्षेत्र में फैले पुराने मैदान पर विकसित किया जाएगा, जो शत-प्रतिशत हरित क्षेत्र (ग्रीनरी) पर आधारित होगा।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त शिवम वर्मा, एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, अभिषेक शर्मा बबलू, पर्यावरण विद भालू मोंडे, अभिलाष खांडेकर सहित अन्य गणमान्य उपस्तिथ रहे।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा, "हमारी योजना थी कि शहर के मध्य एक ऐसा वन तैयार किया जाए जो शुद्ध पर्यावरण के साथ-साथ इंदौर के लिए 'लंग्स' का कार्य करे। आज हमने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर सुझाव लिए हैं और सभी की सहमति है कि इस क्षेत्र को पूरी तरह हरित क्षेत्र में बदला जाएगा। साथ ही यहां एक बड़ा तालाब भी निर्मित किया जाएगा।"
इस भारत वन में देश के विभिन्न राज्यों की जैव विविधता, फ्लोरा-फौना को सम्मिलित किया जाएगा। वहां के पक्षी निवास स्थानों (बर्ड हैबिटेट्स) को ध्यान में रखकर विकास कार्य होंगे। यह परियोजना न केवल पर्यावरण को सशक्त करेगी, बल्कि आसपास के जलस्तर को भी बढ़ाने में सहायक होगी। महापौर ने इस पहल को इंदौर के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि, भारत वन आने वाले वर्षों में शहरवासियों के लिए एक शुद्ध श्वास-स्थल और प्राकृतिक आकर्षण का केंद्र बनेगा।
महापौर मेगा रोजगार मेला
युवाओं को रोजगार के अवसर सुलभ कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंदौर में आगामी 9 मई 2025 को महापौर मेगा रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है। मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा व्यापक तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं।
सिटी बस सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने मेले की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा सहित शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- Indore News: इंदौर की इस कॉलोनी को मिली सड़क की सौगात, सफर होगा आसान












Click it and Unblock the Notifications