Indore News: इंदौर की इन सड़कों से हटेगा अतिक्रमण, महापौर ने दिए निर्देश
मध्यप्रदेश के इंदौर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गंगवाल बस स्टैंड से सरवटे बस स्टैंड तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। दौरे की शुरुआत गंगवाल बस स्टैंड से की गई, जो सिलावटपूरा, मच्छी बाजार होते हुए पंढरीनाथ के सामने से सरवटे बस स्टैंड तक संपन्न हुई।
इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ स्थानीय विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड, विधायक गोलू शुक्ला, निगम आयुक्त शिवम वर्मा, एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा बबलू ,पार्षद भारत रघुवंशी, रूपाली पेंढारकर, नगर निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

दौरे के महत्वपूर्ण बिंदु
1. सड़क निर्माण में आ रही बाधाएं
सड़क मार्ग पर चार प्रमुख धार्मिक स्थल एवं कई अतिक्रमण हैं जो निर्माण में बाधा बन रहे हैं। महापौर ने आपसी सहमति से धार्मिक स्थलों को स्थानांतरित करने और अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है।
2. विशेष 9 करोड़ रुपये का पैकेज:
सड़क निर्माण कार्य हेतु जनप्रतिनिधियों के द्वारा मुख्यमंत्री से आग्रह कर 9 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट स्वीकृत किया गया है, जिससे कार्य को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
3. ट्रैफिक जाम से मुक्ति की दिशा में बड़ा कदम
गंगवाल से सरवटे बस स्टैंड तक की यह सड़क, शहर के एक महत्वपूर्ण ट्रैफिक कॉरिडोर को सुगम बनाएगी।
4. कार्य की समयसीमा और निर्देश
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्पष्ट टाइम टेबल तैयार कर सार्वजनिक किया जाए। साथ ही निर्माण क्षेत्र में सेंट्रल लाइन बनाकर अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट की जाए, जिससे नागरिकों को जानकारी मिल सके कि किन निर्माणों को कितना हटाया जाएगा। महापौर ने कहा कि, हमारा प्रयास है कि बारिश से पूर्व, यानी जून अंत तक, सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाए।
5. नागरिकों से सहयोग की अपील
महापौर ने क्षेत्रीय नागरिकों से अनुरोध किया कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं और शहर के विकास में सहभागी बनें।धार्मिक संगठनों से भी संवाद कर समाधानात्मक सहमति से कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
6. भविष्य की योजना
इस सड़क के निर्माण के बाद पश्चिमी क्षेत्र के ट्रैफिक में सुगमता आएगी साथ ही भविष्य में एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए भी इस मार्ग का विशेष महत्व होगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा की, "हम सबका प्रयास है कि इंदौर का यातायात सुगम बने, नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। हर बाधा का आपसी संवाद से समाधान किया जाएगा और ओर इन सड़कों का निर्माण कार्य जल्दी ही शुरू किया जाएगा।"
ये भी पढ़े- Indore News: इंदौर के इस क्षेत्र को मिलेगी फ्लाईओवर ब्रिज की सौगात, सफर होगा आसान












Click it and Unblock the Notifications