क्रिकेट के साथ-साथ बिजनेस में भी दम दिखा रहे धोनी, झाबुआ से खरीदे हजारों कड़कनाथ
झाबुआ, 23 अप्रैल: क्रिकेट की दुनिया में अपना दम दिखाने वाले महेंद्र सिंह धोनी अब बिजनेस की दुनिया में भी अपने हाथ आजमा रहे हैं, जहां कैप्टन कूल के नाम से पहचाने जाने वाले धोनी रांची स्थित अपने फार्म हाउस पर कड़कनाथ पालन कर रहे हैं. वहीं कड़कनाथ के अपने इसी बिजनेस के चलते एम.एस धोनी ने झाबुआ से कड़कनाथ नस्ल के 2 हजार मुर्गे खरीदे हैं, जिसके बाद अब झाबुआ से कड़कनाथ के इन चूजों को रांची स्थित धोनी के फार्म हाउस के लिए रवाना कर दिया गया है, जल्द ही कड़कनाथ के चूजों की धोनी के फार्म हाउस पर डिलीवरी हो जाएगी.

साल 2021 में दिया गया था ऑर्डर
क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने इन चूजों को खरीदने के लिए झाबुआ के विनोद से सौदा किया है. झाबुआ जिले के थांदला में रहने वाले विनोद, कड़कनाथ का फार्म चलाते हैं. धोनी ने इन चूजों का आर्डर साल 2021 में दिया था, लेकिन कोरोना के कारण पिछले साल विनोद, धोनी के फॉर्म हाउस पर इन चूजों को नहीं भिजवा पाए थे, जहां अब स्वास्थ्य परीक्षण के बाद लगभग 2 हजार चूजों को रांची के लिए रवाना कर दिया गया है.
ठंड और बारिश में बढ़ती है डिमांड
कड़कनाथ मुर्गा औषधीय गुणों के कारण देश और विदेश में अपनी अलग पहचान रखता है, साथ ही इसका स्वाद हर किसी को पसंद आता है. कड़कनाथ मुर्गे की विशेषताओं पर यदि नजर डालें तो यह काले रंग का होता है, साथ ही इसका मांस और खून भी काले रंग का होता है. कड़कनाथ की तासीर गर्म होने के कारण बारिश और ठंड में इसकी डिमांड बढ़ती है. कड़कनाथ प्रजाति का मुर्गा इंदौर संभाग के झाबुआ और अलीराजपुर में विशेष तौर पर पाया जाता है.












Click it and Unblock the Notifications