'हम सनातनी हैं, कांग्रेस में तनातनी है', इंदौर से CM मोहन यादव ने साधा निशाना
इंदौर में प्रदेश के मुखिया CM डॉ. मोहन यादव ने इंदौर लोकसभा सीट से BJP प्रत्याशी शंकर लालवानी के समर्थन में इंदौर लोकसभा की विधानसभा क्रमांक 4 में आयोजित जन सभा को संबोधित किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला और नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे मौजूद रहे।
इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव कहा कि, कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाने वाले शहीद भगत सिंह, आजाद चंद्रशेखर, सुभाषचंद्र बोस जैसे महान क्रांतिकारियों के बलिदान को भुला दिया, लेकिन एक परिवार को हमेशा याद रखा। कांग्रेस चुनाव तो भारत में लड़ रही है और प्रशंसा पाकिस्तान की करती है, ऐसे गद्दारों को देश और प्रदेश के लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे।

CM मोहन यादव ने कहा कि, हम तो सनातन धर्म के मानने वाले लोग हैं, सनातनी हैं, लेकिन कांग्रेस में जमकर तनातनी है। जिसकी जड़े देश के बाहर दुश्मनों से मिली हों, वह कभी सम्मान का अधिकारी नहीं हो सकता। अरविंद केजरीवाल जमानत लेकर आने के बाद भी कह रहे हैं मैं इस देश को तानाशाही सरकार से मुक्त कराऊंगा। वे वेंटीलेटर पर हैं, और उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। जब पाकिस्तान ने हरकत की तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी ने दो-दो बार उसको घर में घुसकर सबक सिखाया।
योजनाएं बंद नहीं होगी, कांग्रेस में ताला लग जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, भाजपा के शासनकाल में हर वर्ग, हर व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं बनाईं गईं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में लाडली बहना योजना बनाई, हमने भी मरीजों को बड़े अस्पताल में पहुंचाने के लिए एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं देने की पहल की है। मध्यप्रदेश में भी हमने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए और मंदिरों, मस्जिदों से लाउड स्पीकर हटाने के साथ ही उन्हें नियमों से चलाने की अनुमति दी।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, अब कांग्रेस वाले रोज माला जपते हैं कि अब यह योजना बंद कर देंगे, लेकिन योजना बंद नहीं होगी, कांग्रेस पार्टी में ताला लग जाएगा। कांग्रेसियों के अरमान कभी पूरे नहीं होंगे। भाजपा सरकार में योजनाएं बंद नहीं होती हैं, बल्कि नई-नई योजनाएं शुरू होती हैं। इंदौर में 1984 के बाद से आज तक 40 साल से हाथ का पंजा हिला ही नहीं है और अब तो पूरी तरह से कट गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, कांग्रेस को हिंदु-मुस्लिम भाईयों की एकता पसंद नहीं आती है। 70 सालों तक सभी ने देखा है कांग्रेस लगातार भगवान श्रीराम के मंदिर को उलझाती रही है। हमेशा से हिन्दू-मुस्लिम भाइयों में लड़ाई करके अपनी राजनीति करती रही। पहले तो 70 वर्षों तक श्रीराम मंदिर निर्माण में अड़ंगे लगाए और जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रीराम मंदिर निर्माण की राह खुली, सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया तो इसे भी देश के हिन्दू, मुसलमान सभी ने स्वीकार किया, लेकिन इस फैसले से कांग्रेस खुश नहीं थी। उन्होंने भगवान श्रीराम के जन्म के प्रमाण मांगे। कांग्रेस और इनके घमंडिया गठबंधन को श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का आमंत्रण भेजा गया तो इन्होंने उसे भी अस्वीकार कर दिया और आज तक ये लोग श्रीराम मंदिर में दर्शन करने के लिए नहीं पहुंचे हैं।
ये भी पढ़े- Indore News: BJP का NOTA से सीधा मुकाबला, चुनावी जंग में कौन किस पर भारी, जानिए












Click it and Unblock the Notifications