Zoom हुआ डाउन, ग्लोबली ऑनलाइन क्लासेस और मीटिंग्स हुईं प्रभावित
Zoom हुआ डाउन, ग्लोबली ऑनलाइन क्लासेस और मीटिंग्स हुईं प्रभावित
नई दिल्ली, 23 अगस्त: अगर आपको जूम ऐप से कनेक्ट करने में दिक्कत आ रही है तो आप अकेले नहीं हैं, ये परेशानी ग्लोबली हो रही है। जूम से कनेक्ट करने में आज सबको दिक्कतें आ रही हैं। जूम में आई दिक्कतों की वजह से वीडियो कॉल, वेबिनार और ऑनलाइन क्लासेस अटेंड करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऑस्ट्रेलिया में जूम का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। जहां आज स्कूलों और कॉलेजों की ऑनलाइन पढ़ाई नहीं हो पाई। दुनियाभर के कई स्कूलों और कॉलेज में जूम के जरिए ऑनलाइन पढ़ाई होती है। लेकिन प्लेटफार्म डाउन होने की वजह से आज यूजर कनेक्ट नहीं कर पा रहे हैं।

इंटरनेट पर आउटेज का ट्रैक रखने वाली वेबसाइट डाउनडेटेक्टर के मुताबिक भारतीय समय के अनुसार, जूम प्लेटफॉर्म पर सुबह लगभग 5 बजे आउटेज लगभग 1200 पर पहुंच गई थी। वहीं News.com.au वेबसाइट के मुताबिक, जूम ऑस्ट्रेलिया में अधिकांश लोगों के लिए आउटेज को ठीक करने की जल्दबाजी में था, लेकिन वहां भी दोपहर में आउटेज के बारे में रिपोर्ट लगभग 150 थी। जिसका मतलब है कि कंपनी ने डाउन हुए प्लेटफार्म पर काम करना शुरू कर दिया है। हालांकि अब भी कई यूजर ऐसे हैं, जो जूम कॉल से कनेक्ट नहीं कर पा रहे हैं।
जूम ने कहा- यूजर को हुई दिक्कत के लिए माफी चाहते हैं
जूम ने इसके बारे में ट्विटर पर अधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है, 'हम पता है लाइव मीटिंग से कनेक्ट करने में लोगों को परेशानियां हो रही हैं। हम यूजर की तकलीफों को समझ रहे हैं और उसको सही करने की कोशिश में लगे हैं। हम फिलहाल जांच कर रहे हैं, जैस ही कोई अपडेट होगा, हम सूचित करेंगे। यूजर को हुई असुविधा के लिए हम माफी चाहते हैं।' ट्विटर पर जूम ने ये भी कहा कि प्लेटफॉर्म किस वजह से डाउन हुआ है, इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है।
भारत में मेट्रो सिटी में लोगों को हुई ज्यादा परेशानी
डाउनडेटेक्टर के मुताबिक भारत में मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु के यूजर को जूम के डाउन होने की वजह से सबसे ज्यादा दिक्कते हुई हैं, क्योंकि यहीं के लोगों ने सबसे ज्यादा मामलों की रिपोर्ट की है। यूजर्स का कहना है कि अच्छे इंटरनेट कनेक्शन होने के बाद भी वह जूम के वीडियो मीटिंग से नहीं जुड़ पा रहे हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, मीटिंग शुरू होने के बावजूद जूम पर लगातार दूसरे कनेक्ट करने वालों को मीटिंग शुरू होने का नोटिफिकेशन नहीं मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications