राष्ट्रपति के पद पर दलगत राजनीति से ऊपर उठना चाहिए- योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रपति का पद दलगत राजनीति से उपर होता है, इस फैसले ने पार्टी की सोच को सामने रखा है।
नई दिल्ली। देश के अगले राष्ट्रपति चुनाव के रामनाथ कोविंद ने अपना नामांकन भर दिया है। रामनाथ कोविंद के साथ नामांकन के दौरान खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लाल कृष्ण आडवाणी, सहित कई आला नेता मौजूद थे। नामांकन के दौरान एनडीए के तमाम घटक दलों ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एक ऐसा मुद्दा है जिसपर राजनीति नहीं होनी चाहिए। रामनाथ कोविंद को प्रत्याशी बनाकर पार्टी ने साफ कर दिया है कि उसके लिए सभी जातियां समान हैं।

नामांकन के बाद रामनाथ कोविंद ने कहा कि मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझे अपना समर्थन दिया है, मैं कोशिश करूंगा कि इस पद की गरिमा को बनाए रखूं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का पद दलगत राजनीति से उपर होना चाहिए। वहीं रामनाथ कोविंद के खिलाफ विपक्ष ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को मैदान में उतारा है। विपक्ष द्वारा राष्ट्रपति पद के लिए नामांकित किए जाने के बाद मीरा कुमार ने कहा कि मैं इस बात से खुश हूं कि 17 दलों ने एकसाथ मुझे इस पद के लिए नामांकित किया है।
इसे भी पढ़ें- राष्ट्रपति चुनाव: नामांकन के बाद बोले कोविंद, मैं किसी दल का नहीं
आपको बता दें कि राष्ट्रपति का चुनाव 17 जुलाई को होगा, इससे पहले ही कई दलों ने एनडीए के उम्मीदवार को अपना समर्थन देने का ऐलान कर दिया है, जिसमें नीतीश कुमार की पार्टी जदयू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रेशखर राव, एआईएडीएम, शिवसेना, शामिल हैं। हालांकि मायावती और मुलायम सिंह ने पहले रामनाथ कोविंद को अपना समर्थन देने की बात कही थी, लेकिन जब विपक्ष ने मीरा कुमार को मैदान में उतारा तो दोनों ने विपक्ष के उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications