Wrestlers Protest: आखिर बृजभूषण सिंह को दिल्ली पुलिस क्यों बचा रही है: स्वाति मालीवाल
Wrestlers Protest: पहलवानों के प्रदर्शन में शामिल होने जा रही दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Wrestlers Protest: दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को रात में पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। वह जंतर-मंतर पर पहलवानों से मिलने के लिए गई थीं। पुलिस की कार्रवाई से नाराज स्वाति मालीवाल ने कहा कि पुलिस आखिर क्यों बृजभूषण सिंह को बचा रही है।
स्वाति मालीवाल ने कहा कि मैं महिला पहलवानों से मिलने के लिए आई थी, यह मेरी ड्यूटी है। विनेश फोगाट, साक्षी मलिक ने मुझे बताया कि उन्हें टॉर्चर किया गया, वहां मौके पर पुलिस अधिकारी थे, जो नशे में थे और गलत बर्ताव कर रहे थे। मैं उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं। आखिर क्यों दिल्ली पुलिस बृजभूषण सिंह को बचा रही है, आखिर क्यों उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है।
इससे पहले स्वाति मालीवाल ने ट्वीट करके कहा था कि मुझे गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल स्वाति मालीवाल जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मिलने के लिए स्वाति मालीवाल पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि बीती रात दिल्ली पुलिस और पहलवानों के बीच झड़प की खबर सामने आई है। पहलवानों ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की है, दो पहलवानों के सिर फूट गए हैं। महिला पहलवानों के साथ धक्कामुक्की की गई है, उनके साथ गाली गलौज की गई है।
दिल्ली पुलिस से झड़प की घटना के बाद यहां नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इससे पहली कांग्रेस नेता दीपेंदर सिंह हुडा पहुंचे थे, उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। हुडा ने कहा कि पुलिस मुझे पहलवानों से मिलने नहीं दे रही है। मैं अकेला उनसे मिलने जाना चाहता हूं।
पुलिस से झड़प के बाद पहलवान बजरंग पूनिया ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उनसे जल्द से जल्द पहलवानों की मांग की सुनवाई करने के लिए कहा है।
पूनिया ने पत्र में आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने दो पहलवानों के सिर फोड़ दिए हैं जबकि महिला पहलवानों के साथ धक्का मुक्की की है। पूनिया ने पत्र में मांग की है अलग-अलग हिस्सों से हमारे जिन साथियों को गिरफ्तार किया गया है उन्हें तुरंत रिहा किया जाए। जिन पुलिसवालों ने मारपीट की है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए और किसी शीर्ष अधिकारियों को हमारी मांग पर सुनवाई के लिए भेजा जाए।
Recommended Video
बता दें कि पुलिस से झड़प की खबर सामने आने के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल, दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज, विधायक कुलदीप समेत कई नेता जंतर मंतर पहुंचे थे। लेकिन पुलिस ने इन सभी को हिरासत में ले लिया।
आप विधायक सोमनाथ भारती यहां फोल्डिंग बेड लेकर पहुंचे थे, लेकिन भारती ने इसकी अनुमति नहीं ली थी। जिसके बाद पुलिस ने जब उन्हें रोका तो वह उत्तेजित हो गए। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications