World Laughter Day: भारत को अपनी कॉमेडी से गुदगुदाने वाला, 42 दिन तक जूझता रहा था मौत से
World Laughter Day: अगर बात हंसने और हंसाने की हो तो गजोधर भैया का नाम जहन में उठना लाजमी है। यह वो शख्स हैं, जिन्होंने जिंदगी लोगों को हंसाने में ही कुर्बान कर दी।

World Laughter Day: हर साल मई महीने के पहले रविवार को विश्व हास्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। मकसद है कि हंसने के कई औषधीय लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करना। अगर बात हंसने और हंसाने की हो तो गजोधर भैया का नाम जहन में आएगा ही। जिन्होंने अपनी जिंदगी लोगों को हंसाने में ही कुर्बान कर दी। पूरे देश को अपनी कॉमेडी से हंसाने वाला 8 महीने पहले खुद 53 साल की उम्र में रूला कर चला गया था।
जी हां, हम बात कर रहे हैं... उत्तर प्रदेश के जिले कानपुर निवासी राजू श्रीवास्तव की। जिन्होंने छोटे, बड़े, बुजुर्ग हर तबके और उम्र के लोगों को अपनी कॉमेडी से हंसाया और अपनी कला का कायल बनाया। राजू श्रीवास्तव 42 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते रहे। इसी बीच, खबर आई कि राजू नहीं रहा। इसके बाद तो जैसे सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक दुखों का सैलाब उमड़ पड़ा। उनके चाहने वालों की आंखें नम हो गई। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महानायक अभिनेता अमिताभ बच्चन तक सभी ने शोक व्यक्त किया था।
गजोधर भैया का स्वैग
कानपुर में 25 दिसंबर 1963 को जन्में राजू श्रीवास्तव उर्फ सत्य प्रकाश श्रीवास्तव का बचपन से ही हास्य कला से नाता था। पिता रमेश चंद्र श्रीवास्तव सरकारी कर्मचारी थे और शौकिया तौर पर कविताएं लिखते। छुट्टियों में पिता कवि सम्मेलनों में जाते। साफ है कि राजू को उनका हुनर विरासत में मिला था। आंखों में अमिताभ बच्चन की तरह बनने का सपना लेकर 1982 में मुंबई आ गए।
1988 में तेजाब फिल्म में मौका मिला। 1993 में राजू की शादी हुई। जिसके बाद राजू की किस्मत जोर खा गई। साल 1994 में दूरदर्शन पर शो टी टाइम मनोरंजन में मौका मिला। इसके बाद कॉमेडी का महा मुकाबला में स्टैंड अप कॉमेडी में झंडे तानें। गजोधर भैया बनकर स्वैग दिखाया और लोगों के दिलों पर अपनी हास्य कला का जादू बिखेर दिया।
42 दिन तक मौत से की जंग
आपको बता दें कि बीते साल 10 अगस्त को दिल्ली में एक्सरसाइज करते वक्त राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक आया था। उसके बाद से ही एम्स में भर्ती थे। 42 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच झूलते रहे। इसी बीच खबर आई कि राजू नहीं रहे। अमिताभ बच्चन ने एक संदेश भी भिजवाया था। जिसमें कहा कि राजू अब उठ जाओ, बहुत हुआ, हम सबको हंसना सिखाते रहो।












Click it and Unblock the Notifications