Earth Day: आखिर क्यों हम मनाते हैं पृथ्वी दिवस, 22 अप्रैल की तारीख क्यों चुनी गई? जानें इतिहास
World Earth Day 2024: दुनियाभर में आज 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस मनाया जा रहा है। पृथ्वी दिवस पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरुकता बढ़ाने के लिए हर साल मनाया जाता है। पृथ्वी दिवस हमें पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता के महत्व के बारे में बताने के लिए मनाया जाता है। इस दिन हमें ग्लोबल वार्मिंग के बारे में पर्यावरणविदों के जरिए पता चलता है।

पृथ्वी दिवस जागरूकता बढ़ाता है और पर्यावरण को बचाने की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करता है। ये दिन हमें यह भी याद दिलाता है कि प्रकृति के साथ हमारे कितने गहरे संबंध हैं और इसके बिना मानव जीवन संभव नहीं है।
विश्व पृथ्वी दिवस 2024 तारीख और थीम (Earth Day Date & Theme)
विश्व पृथ्वी दिवस हर साल 22 अप्रैल को मनाया जाता है। पृथ्वी दिवस आज 192 से अधिक देशों में मनाया जाता है। यह तारीख उत्तरी गोलार्द्ध में वसंत और दक्षिणी गोलार्द्ध में शरद के मौसम के वक्त आता है।
विश्व पृथ्वी दिवस 2024 का विषय ग्रह बनाम प्लास्टिक (Planet vs Plastics) है। इस थीम का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण के गंभीर मुद्दे के प्रति लोगों को जागरुक करना और प्रेरित करना।
इस थीम के उद्देश्य के तहत पृथ्वी को बचाने के लिए यहां से प्लास्टिक को खत्म करना है। 2040 तक सभी प्लास्टिक के उत्पादन में 60 प्रतिशत की कटौती करना ही इसका लक्ष्य है।
विश्व पृथ्वी दिवस इतिहास (World Earth Day History)
- पृथ्वी दिवस की उत्पत्ति लगभग 1970 से हुई है। इसको मनाने के पीछे का विचार अमेरिकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन और हार्वर्ड के छात्र डेनिस हेस का था। वे दोनों अमेरिका में बिगड़ते माहौल और जनवरी 1969 में सांता बारबरा, कैलिफोर्निया में बड़े पैमाने पर तेल रिसाव से बहुत परेशान थे।
- जेराल्ड नेल्सन और डेनिस हेस दोनों, पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर काफी चिंतित थे। वह वायु और जल प्रदूषण के बारे में कुछ करना चाहते थे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के विचार को व्यापक जनता तक पहुंचाने के लिए कई कार्यक्रम किए।
- 22 अप्रैल की तारीख अमेरिकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन ने इसलिए चुनी थी क्योंकि इस दौरान ज्यादातर कॉलेजों में वसंत ऋतु को लेकर हॉलीडे होता है। उस वक्त इस अभियान को अमेरिका भर में 20 मिलियन लोगों का साथ मिला था।
- जेराल्ड नेल्सन ने सितंबर 1969 में सिएटल, वाशिंगटन में एक सम्मलेन में घोषणा की थी कि 1970 की वसंत में पर्यावरण पर राष्ट्रव्यापी जन साधारण प्रदर्शन किया जाएगा।
- कई मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पृथ्वी दिवस को अलबर्ट के जन्मदिन यानी 22 अप्रैल को मनाया जाता है। अलबर्ट, जिसने तत्कालीन सांस्कृतिक और पर्यावरण चेतना पर बहुमूल्य प्रभाव डाला था।
- 1990 तक पृथ्वी दिवस, एक ग्लोबल इवेंट बन गया था। यह दिन मनुष्यों को हमारे दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करने, पर्यावरणीय कारणों का समर्थन करने और भविष्य में योगदान करने के लिए प्रोत्साहित करता है।












Click it and Unblock the Notifications