दीपा पर ट्वीट कर फंसी महिला, सोशल मीडिया पर मिली धमकियां
जयपुर। दीपा करमाकर को लेकर जयपुर की एक महिला ने एक ट्वीट किया, जिसके बाद उसकी मुश्किलें बढ़ गई। उस ट्वीट को लेकर महिला को सोशल मीडिया पर कई धमकियां मिली हैं, साथ ही गालियां भी दी गई।
फिलहाल महिला की शिकायत पर राजस्थान पुलिस ने केस दर्ज करके दोषियों की तलाश शुरू कर दी है।

महिला ने दर्ज कराई शिकायत
बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय पीड़ित महिला ने दीपा करमाकर की हार के बाद ट्विटर पर एक ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा कि ये बेहद अविश्वसनीय उपलब्धि है, लेकिन अमीर देशों के जिमनास्ट प्रोडूनोवा में प्रदर्शन नहीं करते। वह इसे खतरनाक मानते हैं, जबकि उनके पास इसे करने का अच्छा अवसर है, उनके पास अच्छी ट्रेनिंग की सुविधा है। दीपा ने एक ओलंपिक मेडल के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में डाल दिया। एक मेडल के लिए जिंदगी खतरे में डालना जरूरी नहीं है।
महिला के इस ट्वीट के बाद ही सोशल मीडिया पर वह कुछ लोगों के निशाने पर आ गई। उनके खिलाफ जमकर ट्वीट किए गए।
विवाद बढ़ने पर महिला का ट्वीट डिलीट कर दिया गया। इसके बाद भी महिला को यौन हिंसा की धमकियां भी दी गई। साथ ही उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भेजी गई।
जयपुर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
आखिरकार महिला ने मामले की शिकायत पुलिस में की। बावजूद इसके महिला का शोषण जारी रहा। आखिर में उन्होंने इस मामले को लेकर केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को एक ऑनलाइन अपील भेजी। जिसमें उन्होंने लगातार मिल रही धमकियों को दूर करने की अपील की।
इसके बाद महिला की शिकायत पर आईटी एक्ट, 2000 के तहत सेक्शन 67 और 66डी के तहत जयपुर के प्रतापनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई। मामले में जयपुर के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हमने कुछ आईपी एड्रेस खोज लिए हैं। दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
दूसरी ओर पुलिस की सख्ती के बाद अब महिला के खिलाफ टिप्पणियां बंद हो गई हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी दी है।












Click it and Unblock the Notifications