लालू यादव की पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे मनोज बाजपेयी? मजाक-मजाक में बता दिया सच
Manoj Bajpayee news: देश में इस वक्त जिधर देखो, उधर चुनावी माहौल है और अलग-अलग पार्टियों के नेता टिकट के लिए जमकर कसरत कर रहे हैं। इसी सियासी चकल्लस में अचानक फिल्म अभिनेता मनोज बाजपेयी का नाम सामने आ गया है।
आप कुछ अंदाजा लगाएं, उससे पहले हम आपको बता दें कि दरअसल शनिवार को मनोज बाजपेयी ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर कुछ न्यूज चैनलों के वीडियो शेयर किए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग लिखने लगे कि वो अब चुनाव लड़ेंगे।

मनोज बाजपेयी ने जो वीडियो शेयर किए, उनमें खबर थी कि बिहार के पूर्वी चंपारण में वो स्कूली बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे भोजपुरी में बातचीत की। बस फिर क्या था, लोग उनके ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखने लगे कि अब मनोज बाजपेयी चुनाव लड़ेंगे और लालू प्रसाद यादव की पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरेंगे। इसके बाद मनोज बाजपेयी ने इन ट्वीट्स पर जो जवाब दिए, उन्होंने सुर्खियां बटोर लीं।
'लालू जी से टिकट का वादा है...'
संजय कुमार नाम के यूजर ने मनोज बाजपेयी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा था, 'चुनाव आने वाला है, अब मनोज बाजपेयी को सामाजिक कार्यकर्ता बनना है, लालू जी से टिकट का वादा है। मनोज बाजपेयी ने इसपर जवाब देते हुए लिखा, 'आज कुछ है नहीं करने के लिए तुम्हारे पास तो भक से उलट दिये! ब्कलोले बाड?'
'अब इनको भी ठंड लग गई'
रवि कुमार के एक और यूजर ने मनोज बाजपेयी के ट्वीट पर लिखा, 'सच में चुनाव लड़ने का इरादा है! अगर ऐसा है तो जीत का ख्याल दिल से निकाल दीजिए।' मनोज बाजपेयी ने यहां भी चुटकी ली और रिप्लाई करते हुए लिखा, 'अब इनको भी ठंड लग गई! रजाई ओढ़ी आ घीव पी आ सूत जाई! रजिस्ट्री का काम परसों होगा अब!'
तो मतलब साफ है कि मनोज बाजपेयी ने इन ट्वीट्स पर अपने जवाब से बता दिया कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है और जिस तरह से यूजर्स ने कमेंट किए, उन्होंने भी उसी अंदाज में जवाब दिए। आपको बता दें कि कुछ महीने पहले जून में भी मनोज बाजपेयी के चुनाव लड़ने की चर्चा छिड़ी थी, जब उन्होंने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी। उस समय भी मनोज बाजपेयी ने साफ किया था कि उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications