शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ की पत्नी ने बताया, क्यों की चप्पलों से पिटाई!
शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ को कई एयरलाइंस एजेंसियों ने बैन कर दिया है। हालांकि उनकी पत्नी उषा का कहना है कि वो बहुत ही शांत स्वभाव के हैं।
पुणे। महाराष्ट्र के उस्मानाबाद से शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ के बिगड़ैल रैवये की वजह से 6 एयर लाइंस कंपनियों ने उन्हें अपने यहां यात्रा करने से बैन कर दिया। उन्होंने एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी की सैंडल से पिटाई की थी। उसके बाद उसे मीडिया के सामने कबूल भी किया था।

हालांकि उनकी पत्नी का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ जब मैंने उन्हें मार पीट करते देखा। रवींद्र की पत्नी उषा ने अंग्रेजी अखबार मुंबई मिरर को बताया कि मैंने यह कभी नहीं सोचा था कि मेरे पति किसी को मारेंगे, पीटेंगे। जैसा कि उन्होंने दिल्ली में किया। बकौल उषा, एयरलाइंस के स्टाफ से खराब व्यवहार करने की वजह से पहली बार उनका ऐसा रवैया दिखा।
मेरे पति का जीवन साफ-सुथरा
उषा ने कहा कि मेरे पति का राजनीतिक जीवन बहुत ही साफ सुथरा रहा है। वो दो बार विधायक थे और अब उस्मानाबाद लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
उषा ने बताया कि रवींद्र का पेशा पढ़ाना था और वो अपने दोस्ताना रवैये की वजह से उस्मानाबाद में बेहद चर्चित हो गए थे। उन्होंने बताया कि जो भी रवींद्र को निजी तौर पर जानता होगा वो यह सोच भी नहीं सकता कि वो मार पीट कर सकते हैं।
मैंने उन्हें कभी गुस्से में नहीं देखा
उषा ने कहा कि उन्होंने रवींद्र को कभी गुस्से में नहीं देखा। उन्होंने कहा कि अपने पूरे जीवन में मैंने कभी उन्हें गुस्से में नहीं देखा। उषा ने कहा कि इस घटना के बाद मैंने उनसे बात की तो उन्होंने बताया कि एयर इंडिया का स्टाफ यह जानते हुए भी कि मैं सांसद हूं, मुझसे खराब व्यवहार कर रहे थे।
उषा ने कहा कि मेरे पति चाहते थे कि वो एयर इंडिया की खराब सेवा के लिए शिकायत दर्ज कराएं लेकिन वो बहस में उलझ गए। आखिर में जब एयर इंडिया के स्टाफ की ओर से पीएम का नाम अपमानजनक तरीके से लिया गया तो वो अपना आपा खो बैठे और स्टाफ को मार बैठे।












Click it and Unblock the Notifications