Manju Sharma: कौन हैं मंजू शर्मा? RPSC के पद से क्यों दिया इस्तीफा? कुमार विश्वास से है खास कनेक्शन
Manju Sharma: राजस्थान की चर्चित SI भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सदस्य और कवि व पूर्व आप नेता कुमार विश्वास की पत्नी मंजू शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणियों और आयोग के कामकाज पर उठे गंभीर सवालों के बीच मंजू शर्मा ने यह कदम उठाया। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने खुद को किसी भी जांच या आरोप से परे बताया, फिर भी आयोग की विश्वसनीयता और अपनी व्यक्तिगत साख को बचाने के लिए पद छोड़ना बेहतर समझा।

हाई कोर्ट ने कही सख्त बातें
28 अगस्त को राजस्थान हाई कोर्ट ने 2021 SI भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया था। कोर्ट ने आयोग के कामकाज को "जनता के भरोसे से खिलवाड़" बताया। अदालत ने कहा कि आयोग के कई सदस्य, जिनमें मंजू शर्मा का नाम भी शामिल है, या तो अनियमितताओं में शामिल थे या फिर उन्हें जानकारी थी। कोर्ट ने इसे "व्यवस्थित भ्रष्टाचार" करार दिया और कहा कि परीक्षा की पवित्रता को बाहर के लोगों ने नहीं, बल्कि अंदर के जिम्मेदार लोगों ने ही खराब किया।
ये भी पढ़ें: बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार को परेशान कर सकता है ये सर्वे! ओपिनियन पोल में सामने आ रहे चौंकाने वाले आंकड़े
मंजू शर्मा ने क्या कहा
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े को भेजे अपने इस्तीफे में मंजू शर्मा ने लिखा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी और पारदर्शिता से काम किया है। लेकिन भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवालों ने उनकी व्यक्तिगत छवि और आयोग की गरिमा को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके खिलाफ किसी भी थाने या जांच एजेंसी में कोई मामला लंबित नहीं है और उन्हें कभी आरोपी भी नहीं बनाया गया। इसके बावजूद, उन्होंने आयोग की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पद छोड़ने का फैसला किया।
कौन हैं मंजू शर्मा?
मंजू शर्मा भूगोल में एमए और पीएचडी कर चुकी हैं। वह भरतपुर के एमएसजे पीजी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर रह चुकी हैं। उन्हें अक्टूबर 2020 में कांग्रेस सरकार के समय RPSC का सदस्य बनाया गया था। उनकी नियुक्ति उस समय भी चर्चा में रही थी क्योंकि वह कुमार विश्वास की पत्नी हैं। उनका कार्यकाल अक्टूबर 2026 तक रहने वाला था, लेकिन अब वह बीच में ही इस्तीफा देकर बाहर हो गई हैं।
ये भी पढ़ें: PM मोदी दे रहे थे भाषण, अचानक क्यों रोने लगे बिहार BJP अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल












Click it and Unblock the Notifications