'मेरे पास अब इतनी भी आजादी नहीं रही',नीशु आजाद को अब क्यों लग रहा बाहर निकलने में डर? बैंक अकाउंट भी हुआ फ्रीज
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़ी नीशु आजाद एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके घर के बाहर मीडिया की मौजूदगी, कथित धमकियों और उनके पिता संजय आजाद के बैंक खाते से जुड़ा है। नीशु आजाद ने वीडियो और एक्स पोस्ट के जरिए दावा किया है कि उन्हें रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि अब घर से बाहर निकलने तक में डर लग रहा है।
नीशु आजाद ने हाल ही में जारी वीडियो में अपने घर के बाहर मीडिया की मौजूदगी पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि सोसायटी के कुछ लोग मीडिया को इंटरव्यू दे रहे हैं, जबकि वह खुद कैमरे के सामने नहीं आना चाहतीं। ऐसे में उनके घर के आसपास बार-बार मीडिया पहुंचने की वजह को लेकर उन्होंने सवाल उठाया।

घर के बाहर मीडिया, बालकनी में खड़े होने से भी डर क्यों?
नीशु ने कहा,
"मुझे अब इतनी भी आजादी नहीं लग रही कि मैं अपने घर की बालकनी में आराम से खड़ी हो सकूं। बाहर मीडिया मौजूद है और सोसायटी के मेन गेट पर भी कैमरे लगे हैं। मैं खुद इंटरव्यू नहीं देना चाहती, फिर मेरे घर के आसपास लगातार कैमरे क्यों पहुंच रहे हैं?"
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वह बालकनी से बाहर आती हैं तो उनके सामने कैमरा कर दिया जाता है। नीशु ने सोसायटी के लोगों से सवाल करते हुए कहा कि अगर उनके समर्थन में लोग आते हैं तो उन्हें आपत्ति होती है, लेकिन मीडिया के आने और सोसायटी के लोगों के इंटरव्यू देने पर कोई रोक नहीं है।
नीशु ने अपने मकान मालिक की ओर से दिए गए 15 दिन के समय का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि उनके घर के बाहर आने वाले लोगों और मीडिया को इस तरह दखल देने का अधिकार किसने दिया। साथ ही कहा कि अगर भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी सोसायटी के लोगों की होगी। उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम लेने से इनकार किया।
नीशु के पिता का बैंक अकाउंट फ्रीज होने का दावा
नीशु आजाद ने एक यूट्यूबर को दिए इंटरव्यू में अपने पिता संजय आजाद के बैंक खाते को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता का एक बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है। नीशु के मुताबिक, हाल में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उनके पिता के खाते और उन्हें मिल रही कथित आर्थिक मदद को लेकर सवाल उठाए गए थे।
नीशु ने दावा किया कि इसके बाद कुछ लोगों ने साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें कीं और उनके पिता का खाता फ्रीज हो गया। उन्होंने बताया कि उनके पिता बैंक गए थे, जहां उनसे आवेदन देने को कहा गया। नीशु के मुताबिक, बैंक की ओर से उन्हें बताया गया कि खाते को दोबारा चालू होने में कम से कम एक महीने का समय लग सकता है।
यूट्यूबर को इंटरव्यू देते हुए नीशु आजाद ने बताया कि उनके पापा का बैंक अकाउंट वो फ्रीज़ कर दिया गया है। ये पूछे जाने पर कि क्यों कर दिया गया है तो नीशु आजाद ने कहा,
''एक वीडियो भी वायरल हो गई थी हाल ही में, इसमें एक हिंदू का कोई नेता था, वो बोल रहा था कि नीशु के पापा का बैंक अकाउंट की जांच होनी चाहिए कि इनके पास पैसा कहां से आता है क्योंकि ये कोई काम तो करते नहीं हैं। इनको कोई फंडिंग तो नहीं कर रहा है। ये शिकायत साइबर क्राइम के पास गई है, जिसके बाद अकाउंट फ्रीज हुआ है शायद। पापा के बैंक जाने के बाद पता चला कि वही बैंक अकाउंट फ्रीज हुआ है, जिससे लोग हमें परेशानी में आर्थिक मदद किया करते थे।''
हालांकि नीशु ने यह भी बताया कि उनके पिता के दूसरे खाते और उनकी मां के खाते से लेनदेन चल रहा है। इसलिए परिवार के रोजमर्रा के लेनदेन पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं।
धमकी से लेकर जंतर-मंतर विवाद तक पूरा मामला क्या है?
नीशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ जंतर-मंतर पर मारपीट के आरोप के बाद यह विवाद और बढ़ा था। इस मामले में पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार किया है। इसके बाद स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट बयान भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने नीशु के पिता की खोपड़ी फोड़ दी थी, फिर भी उन्हें जेल नहीं हुई। इस बयान के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया।
4 सितंबर को नीशु और उनके पिता के समर्थन में सीजेपी नेताओं ने प्रदर्शन किया था। नीशु के वकील ने हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी और एससी-एसटी कानून की धाराएं जोड़ने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाईं और स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार किया।
इसके अगले दिन यानी 5 सितंबर को हिंदू संगठनों ने स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थन में दिल्ली में प्रदर्शन किया। अब नीशु आजाद के ताजा वीडियो ने इस पूरे विवाद को एक और नया मोड़ दे दिया है। एक तरफ वह अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रही हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके पिता के बैंक खाते को फ्रीज किए जाने का दावा भी सामने आया है। इन दोनों दावों की असल तस्वीर संबंधित जांच और आधिकारिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद ही साफ होगी।


Click it and Unblock the Notifications
