Aaj Ka Mausam: दिल्ली से लेकर बंगाल तक मौसम रहेगा खराब, 19 राज्यों में Rain Alert, IMD ने क्या कहा?
Aaj Ka Mausam: 24 जून 2026 को देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 19 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जिन राज्यों में रेन अलर्ट जारी है उनमें दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, केरल, तमिलनाडु, त्रिपुरा और मेघालय शामिल हैं।

डॉ. आर. के. जेनामणि (पूर्व महानिदेशक, IMD) के मुताबिक इस बड़े बदलाव के पीछे निचले क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में बना चक्रवाती परिसंचरण है। इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन परिस्थितियों के चलते अगले दो से तीन दिनों में मानसून के गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए बेहद अनुकूल माहौल बना है, जिसकी वजह से राज्यों में बारिश होने के आसार हैं।
कैसा रहेगा दिल्ली में मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में 24 जून को भारी बारिश और धूल भरी आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो तापमान को गिराने में मदद करेगी।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, हरदोई, आजमगढ़, पीलीभीत और गोरखपुर सहित कई बड़े जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की घोषणा की है। इन जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे कच्चे मकानों और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।
बिहार में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
बिहार में भी मौसम विभाग ने 24 से 27 जून के बीच भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। गया, भोजपुर, सिवान, समस्तीपुर, पूर्णिया और भागलपुर जैसे जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। नदियों के जलस्तर में होने वाली संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है।
राजस्थान में येलो अलर्ट
राजस्थान के झुंझुनू और श्रीगंगानगर जैसे जिलों में अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, बारां जिले के अटरू में अच्छी बारिश का अनुमान है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे किसानों को कटी फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम
उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, चमोली, और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश के साथ 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। ऐसी स्थिति में पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और चट्टानें खिसकने का खतरा काफी बढ़ जाता है।
हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मनाली और चंबा जैसे पर्यटन स्थलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, किश्तवाड़, बडगाम और श्रीनगर में वज्रपात की आशंका जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से पहले लोगों और यात्रियों को स्थानीय मौसम बुलेटिन और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई है।
इन राज्यों में भी होगी बरसात
पश्चिम बंगाल और असम के मैदानी और पहाड़ी जिलों में भी चक्रवाती हवाओं का गहरा असर देखने को मिल सकता है। बीरभूम, दुर्गापुर समेत असम के गुवाहाटी और कोकराझार में भारी बारिश का अलर्ट है। दूसरी तरफ पंजाब के पठानकोट, पटियाला और लुधियाना जैसे जिलों में भी 24 जून को आंधी के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है, जिससे किसानों को कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखने को कहा गया है।
IMD Weather Advisory: 24 जून 2026
मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें। बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में जाने से बचें और सुरक्षित भवन या घर के अंदर रहें। तेज हवा, आंधी या तूफान के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े न हों, क्योंकि इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। भारी बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही, मौसम की ताजा जानकारी के लिए IMD और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट व दिशा-निर्देशों का नियमित रूप से पालन करें।














Click it and Unblock the Notifications