शहजाद पूनावाला ने बता दी BJP छोड़ने की वजह, फिर भी पार्टी क्यों नहीं स्वीकार रही इस्तीफा? समझिए पूरा मामला
Shehzad Poonawalla Resignation: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चर्चित राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला ने पार्टी से अलग होने का फैसला फिर दोहराया है। सोमवार (17 अगस्त) को उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को एक और चिट्ठी भेजकर पार्टी के सभी पदों और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से मुक्त करने की अपील की। यह कदम उनके पहले इस्तीफे के बाद आया है, जिसे पार्टी ने स्वीकार नहीं किया था।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि शहजाद पूनावाला जब खुद पार्टी छोड़ना चाहते हैं, तो भाजपा ने उनका पिछला इस्तीफा क्यों रोक दिया था और अब इस नए पत्र पर क्या फैसला होगा? शहजाद पूनावाला ने अपनी नई चिट्ठी में इसकी पूरी वजह तो नहीं बताई, लेकिन उन्होंने अपने फैसले के पीछे आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का साफ तौर पर जिक्र किया है।

शहजाद पूनावाला का पहले इस्तीफा दिया, फिर पार्टी ने क्या किया?
शहजाद पूनावाला ने इससे पहले 30 जुलाई 2026 को भाजपा के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से अलग होने की पेशकश की थी। इसके बाद पार्टी ने उनका इस्तीफा तुरंत स्वीकार नहीं किया। पूनावाला के मुताबिक, उनसे अपने फैसले पर फिर से सोचने को कहा गया।
पूनावाला ने अपनी नई चिट्ठी में लिखा,
"मेरे पिछले इस्तीफे को तुरंत स्वीकार नहीं किया गया और मुझसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा गया। मेरे लिए यह एक भावुक और सम्मान देने वाला अनुभव था।"
यानी पार्टी का शुरुआती रुख उन्हें रोकने का था। लेकिन अब पूनावाला ने साफ कर दिया है कि वह अपने फैसले पर कायम हैं।
अब शहजाद पूनावाला ने क्या वजह बताई?
इस बार शहजाद पूनावाला ने इस्तीफे की वजह को लेकर ज्यादा साफ शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने आर्थिक और निजी परिस्थितियों को इसका मुख्य कारण बताया है। उनका कहना है कि वह अब निजी क्षेत्र में जाने की तैयारी कर रहे हैं।
शहजाद पूनावाला ने लिखा,
"पिछले कुछ दिनों में हुई घटनाओं और कुछ लोगों से जुड़ी परिस्थितियों ने मुझे अपने पहले फैसले पर कायम रहने के लिए मजबूर किया है। आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के चलते अब मैं निजी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहता हूं।"
हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किन घटनाओं या किन लोगों की वजह से उनका फैसला और पक्का हुआ। यही हिस्सा इस पूरे मामले को दिलचस्प बनाता है।
BJP से दूरी, लेकिन PM मोदी से नहीं?
शहजाद पूनावाला की चिट्ठी का सबसे अहम हिस्सा यह है कि उन्होंने पार्टी छोड़ने और भाजपा की विचारधारा से अलग होने के बीच साफ फर्क रखा है। उन्होंने कहा,
"मैं पार्टी की व्यवस्था से अलग हो रहा हूं, लेकिन विचार और व्यक्ति नहीं छोड़ रहा। जहां भी संभव होगा, जिस भी रूप में संभव होगा, मैं प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के विजन और काम का समर्थन करता रहूंगा।"
यानी उनका संदेश सीधा है। राजनीतिक संगठन से बाहर निकलना एक बात है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति समर्थन खत्म करना दूसरी बात। पूनावाला ने अपनी चिट्ठी में प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पिछले पांच साल में उन्हें काम करने का मंच और कई मौके दिए।
'पार्टी छोड़ रहा हूं, विचार नहीं' वाली लाइन क्यों अहम है?
पूनावाला ने भाजपा छोड़ने के फैसले के साथ पार्टी के खिलाफ कोई बड़ा राजनीतिक आरोप नहीं लगाया है। उल्टा उन्होंने भाजपा की तारीफ की है।
उन्होंने लिखा, "मैं उस पार्टी और राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी से विदा ले रहा हूं, जिसे मैंने दिल से प्यार किया। मेरे जैसे युवा, पसमांदा मुस्लिम और गैर-वंशवादी पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के लिए किसी दूसरी पार्टी में ऐसी राजनीतिक यात्रा शायद ही संभव होती।"
इससे उनका संदेश यह दिखता है कि उनका फैसला फिलहाल व्यक्तिगत और पेशेवर बदलाव के तौर पर पेश किया जा रहा है, न कि भाजपा की विचारधारा से किसी बड़े टकराव के तौर पर।
क्या पहले ही दे चुके थे बाहर निकलने के संकेत?
इस पूरे घटनाक्रम से कुछ दिन पहले ही पूनावाला ने सक्रिय राजनीति से दूर जाने के संकेत दिए थे। उन्होंने अपने पुराने इंटरव्यू के वीडियो दोबारा शेयर किए थे। इन वीडियो में वह कह रहे थे कि सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने का समय आ गया है। इसके बाद उनके X प्रोफाइल में भी बदलाव दिखा। उन्होंने बायो से भाजपा और राष्ट्रीय प्रवक्ता का उल्लेख हटाकर खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का "आजीवन अनुयायी" बताया। उस समय भाजपा या पूनावाला की तरफ से तत्काल औपचारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
आखिर BJP उनका इस्तीफा क्यों नहीं लेना चाहती?
यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। भाजपा ने सार्वजनिक तौर पर यह नहीं बताया है कि उसने पूनावाला का पहला इस्तीफा क्यों स्वीकार नहीं किया था। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि पार्टी के पीछे कोई खास राजनीतिक वजह तय है।
पूनावाला की अपनी चिट्ठी से इतना जरूर पता चलता है कि पार्टी ने उन्हें रुकने और फैसले पर फिर सोचने के लिए कहा था। संभव है कि पार्टी उनके अनुभव, राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान और प्रवक्ता के तौर पर उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें बनाए रखना चाहती रही हो। लेकिन यह फिलहाल एक विश्लेषण है, भाजपा की आधिकारिक वजह नहीं।
अब गेंद फिर पार्टी के पाले में है। पूनावाला ने दूसरी बार साफ शब्दों में कहा है कि उनका फैसला अंतिम है। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि भाजपा छोड़ने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के काम के प्रति उनका समर्थन जारी रह सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
