'या तो वो रहेंगे या मैं रहूंगा',आखिर क्यों गुस्सा हुए बंगाल CM शुभेंदु अधिकारी, बोले- JNU की तरह इनका इलाज करो
पश्चिम बंगाल में 'आजादी' के नारों और विश्वविद्यालयों में कथित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार (28 अगस्त) को जादवपुर विश्वविद्यालय का दौरा किया और वहां लगे नारों और दीवारों पर बने एक माओवादी नेता के भित्तिचित्र पर सवाल उठाए। इसी दौरान उन्होंने ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि अब टकराव आर-पार का होगा। उनके शब्दों में, "अब या तो वे रहेंगे या हम रहेंगे। हमारे बीच कुछ भी नहीं बचेगा।" सवाल यह है कि आखिर जादवपुर विश्वविद्यालय में ऐसा क्या हुआ, जिस पर सीएम शुभेंदु अधिकारी इतने आक्रामक नजर आए?

रक्षाबंधन कार्यक्रम के बीच क्यों गरमाया माहौल?
सीएम शुभेंदु अधिकारी का कार्यक्रम जादवपुर विश्वविद्यालय के गेट नंबर 2 के पास आयोजित किया गया था। रक्षाबंधन के मौके पर हुए इस कार्यक्रम के कारण जादवपुर पुलिस स्टेशन से सुलेखा तक सड़क पर भारी जाम भी रहा।
अधिकारी ने अपने भाषण में विश्वविद्यालय की दीवारों पर लिखे कुछ नारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने खास तौर पर 'कश्मीर मांगे आजादी' जैसे नारों पर सवाल किया। उनका तर्क था कि भारत पहले ही आजादी हासिल कर चुका है। ऐसे में इस तरह के नारे क्यों लगाए जा रहे हैं?
उन्होंने कहा, "जब कोलकाता की सड़कों पर आजादी के नारे सुनाई देते हैं, तो मुझे तकलीफ होती है। देश को आजादी 1947 में मिली थी। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और नेताजी सुभाष चंद्र बोस और मातंगिनी हाजरा जैसे लोगों के संघर्ष को याद करना चाहिए।"
ABVP से बोले- यहां भी राष्ट्रवाद का सबक सिखाइए
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने अपने भाषण में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय यानी JNU का भी जिक्र किया। उन्होंने एबीवीपी के छात्रों से कहा कि जिस तरह वहां राष्ट्रवाद का मुद्दा उठाया गया, उसी तरह जादवपुर विश्वविद्यालय में भी इस विचार को मजबूती से सामने रखने की जरूरत है।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब करीब एक सप्ताह पहले जादवपुर विश्वविद्यालय में एबीवीपी के छात्रों से जुड़ी तोड़फोड़ की घटना को लेकर विवाद हुआ था। अधिकारी ने उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें इस घटना के पीछे उनके समर्थकों का हाथ होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप उन्हें बदनाम करने की कोशिश हैं। साथ ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं से उन्होंने कैंपस में राष्ट्रवाद की आवाज को मजबूत करने की अपील की।
'कौन सी आजादी चाहिए?' नशे से लेकर कश्मीर तक उठाए सवाल
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने 'आजादी' के नारों को लेकर सीधे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आखिर इन नारों के पीछे किस तरह की आजादी की मांग की जा रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा,"आपको किस चीज की आजादी चाहिए? गांजा पीने की आजादी या कैंपस में ड्रग्स लेने की आजादी? कश्मीर में आजादी के नारे लगाने की आजादी किसलिए चाहिए?" उन्होंने ऐसे लोगों को 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' से जोड़ते हुए कहा कि देश के खिलाफ काम करने वालों को किसी भी हालत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
'घर के कचरे की तरह साफ कर देंगे', किसे लेकर दिया बयान?
अधिकारी ने अपने भाषण में देश के भीतर से राष्ट्रवाद और देशभक्ति के खिलाफ काम करने वाले लोगों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बाहरी दुश्मनों से निपटने का काम देश की सुरक्षा एजेंसियां और सशस्त्र बल कर रहे हैं, लेकिन अंदर से देश के हितों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख जरूरी है।
उन्होंने कहा, "देश के बाहर के दुश्मनों को हमारी ताकत दिखाई जा चुकी है और आगे भी दिखाई जाएगी। लेकिन देश के अंदर जो लोग देशभक्ति, राष्ट्रवाद, वंदे मातरम और जन गण मन पर हमला करते हैं, उन्हें घर के कचरे की तरह साफ करना होगा।" यही वह बयान है, जिसने इस पूरे मामले को और ज्यादा राजनीतिक बना दिया है।
जादवपुर की दीवार पर लिखे नाम पर क्यों सवाल?
शुभेंदु अधिकारी ने जादवपुर विश्वविद्यालय की दीवार पर बने 'लाल सलाम किशनजी' भित्तिचित्र का भी मुद्दा उठाया। किशनजी नाम से पहचाने जाने वाले कोटेश्वर राव माओवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता थे। नवंबर 2011 में पश्चिम बंगाल में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में उनकी मौत हुई थी।
अधिकारी ने सवाल किया कि विश्वविद्यालय की दीवारों पर ऐसे व्यक्ति के सम्मान में संदेश क्यों लिखा गया है। उन्होंने कहा, "लाल सलाम किशनजी देखकर सवाल उठता है कि नई पीढ़ी को हम क्या संदेश दे रहे हैं? किशनजी कौन था? क्या विश्वविद्यालय में ऐसे व्यक्ति का महिमामंडन होना चाहिए?" उन्होंने यह भी दावा किया कि किशनजी संविधान को स्वीकार नहीं करते थे और देश के विभाजन की मांग से जुड़े विचार रखते थे।
'वही रहेंगे या मैं ही रहूंगा' क्यों बोला?
यही विवादित और आक्रामक तेवर उनके अगले बयान में दिखा। विश्वविद्यालय में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि जो लोग इस तरह की गतिविधियों में शामिल हैं, वे उनसे छिप नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा, "वे कोई भी हों, हमसे छिप नहीं पाएंगे। अब या तो वे रहेंगे या हम रहेंगे। हमारे बीच कुछ भी नहीं बचेगा।"
इस बयान का राजनीतिक मतलब साफ है। सीएम अधिकारी जादवपुर विश्वविद्यालय को सिर्फ एक कैंपस विवाद के तौर पर नहीं देख रहे हैं। वह इसे राष्ट्रवाद बनाम कथित अलगाववादी सोच की बड़ी लड़ाई के रूप में पेश कर रहे हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने एक दिन पहले भी 'आजादी' के नारों को लेकर सख्त रुख दिखाया था। उन्होंने कहा था कि 'इंकलाब जिंदाबाद' जैसे नारे लगाने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन 'आजादी' के नारे लगाने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने खास तौर पर 'कश्मीर मांगे आजादी' जैसे नारों को लेकर गिरफ्तारी की बात कही।
उन्होंने विपक्ष पर 'वंदे मातरम' के पूरे संस्करण को लेकर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि यह किसी राजनीतिक नेता की रचना नहीं है। इसे बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा था। इसलिए इसके विरोध की वजह समझ में नहीं आती।
चैतन्य से रामकृष्ण तक, बंगाल की संस्कृति का भी जिक्र
अपने भाषण में अधिकारी ने बंगाल की सांस्कृतिक पहचान का भी जिक्र किया। उन्होंने श्री चैतन्य, रामकृष्ण परमहंस और रानी रासमणि जैसे नाम लिए। उनका कहना था कि बंगाल की जिस सांस्कृतिक विरासत पर कभी गर्व किया जाता था, उसे फिर मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी NCC शुरू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर सीएम शुभेंदु अधिकारी का जादवपुर विश्वविद्यालय वाला भाषण सिर्फ एक कैंपस विवाद तक सीमित नहीं रहा। इसमें आजादी के नारे, कश्मीर, माओवादी नेता किशनजी, JNU, ABVP, राष्ट्रवाद और बंगाल की सांस्कृतिक पहचान जैसे कई मुद्दे एक साथ जुड़ गए। अब देखना होगा कि इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति और विश्वविद्यालय कैंपस में यह विवाद किस दिशा में जाता है।


Click it and Unblock the Notifications
