इंडिया ब्लॉक का पीएम उम्मीदवार कौन? राहुल गांधी ने पहली बार इस सवाल पर तोड़ी चुप्पी
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि इंडिया ब्लॉक के पीएम चेहरे पर फैसला लोकसभा चुनाव के बाद तय होगा। पार्टी का घोषणापत्र जारी होने के बाद शुक्रवार को उन्होंने कहा कि यह देश, लोकतंत्र एवं संविधान बचाने का चुनाव है तथा विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की तरफ से प्रधानमंत्री कौन होगा, इस बारे में चुनाव में जीत के बाद घटक दल मिलकर फैसला करेंगे।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने का प्रयास करने वालों और संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा करने का प्रयास करने वालों के बीच है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को इतना खतरा पहले कभी नहीं था।

राहुल ने कहा, ''एक तरफ, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान और लोकतंत्र पर आक्रमण कर रहे हैं, संस्थाओं पर कब्जा कर रहे हैं। दूसरी तरफ इंडी ब्लॉक है जो लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा करने के लिए है। यह देश, संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है।"
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने ED-CBI जैसी तमाम संस्थाओं को कैप्चर करके फाइनेंशियल मोनोपॉली बना ली गई है। लेकिन अब इलेक्टोरल बांड की सारी जानकारी सामने आ गई है। राहुल ने कहा कि किससे उगाही हुई, किसको कॉन्ट्रैक्ट दिया है, कॉन्ट्रैक्ट के बाद कितना पैसा दिया है। इसका पूरा ब्लू प्रिंट सामने आ गया है, इसलिए नरेंद्र मोदी डरे हुए हैं और 400 पार का नंबर आया है। क्योंकि उन्हें पता है 180 पार नहीं होने वाला।
कांग्रेस मेनिफेस्टो की अहम बातें
- राष्ट्रव्यापी आर्थिक-सामाजिक जाति जनगणना
- पूरे देश में 25 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस
- 10 % EWS आरक्षण सभी जाति समुदाय के लिए लागू
- आरक्षण पर 50% का कैप हटाएगी
- अग्निपथ योजना को खत्म किया जाएगा
- पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा
- जम्मू और कश्मीर के राज्य का दर्जा फौरन बहाल किया जाएगा
- न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी गारंटी
- महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की 50% नौकरियां रिजर्व
- मनरेगा के तहत मजदूरी बढ़ाकर 400 रुपये प्रतिदिन
- क्लास 9 से क्लास 12 तक के स्टूडेंट्स को फोन
- प्रतिदिन 400 रुपये न्यूनतम राष्ट्रीय वेतन की गारंटी
- वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगों के लिए पेंशन में बढ़ोत्तरी
- कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (CACP) को एक वैधानिक निकाय बनाया जाएगा












Click it and Unblock the Notifications