Who is Vivek Joshi? CEC ज्ञानेश कुमार की जगह लेंगे, 2029 में लोकसभा चुनाव करवाने की जिम्मेदारी?
Vivek Joshi Election Commissioner: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार की सेवानिवृत्ति के बाद तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में हरियाणा कैडर के आईएएस (IAS) विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त (election commissioner) के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाले नियुक्ति समिति ने मौजूदा चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ही मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।
इस तरह से तीन सदस्यीय चुनाव आयोग (ECI) में अब मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के अलावा सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी चुनाव आयुक्त (Election commissioner) होंगे। पीएम मोदी की अगुवाई वाली नियुक्ति समिति ने ज्ञानेश कुमार को सीईसी बनाकर सबसे सीनियर चुनाव आयुक्त को ही मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर तैनाती की निर्धारित परंपरा का ही पालन किया है। इस समिति में पीएम मोदी के अलावा गृहमंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हैं।

Vivek Joshi New Election Commissioner: कौन हैं विवेक जोशी? (Who is Vivek Joshi?)
विवेक जोशी 1989 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। अक्टूबर, 2024 में हरियाणा में बीजेपी की लगातार तीसरी बार और पहले से ज्यादा बहुमत के साथ सरकार बनने के एक महीने बाद ही उन्हें राज्य का मुख्य सचिव बनाया गया है। जोशी भले ही हरियाणा कैडर के अधिकारी हैं, लेकिन अपने अबतक के करीब 34 साल के करियर में उन्होंने आधा से ज्यादा समय केंद्र सरकार के अधीन ही सेवाएं दी हैं।
Vivek Joshi: यूपी के प्रयागराज के रहने वाले हैं विवेक जोशी
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले विवेक जोशी एक आईएएस अधिकारी के तौर पर 31 मई, 2026 को रिटायर होने वाले थे, लेकिन अब उनका नया कार्यकाल चुनाव आयुक्त के तौर पर शपथ लेने के पांच साल तक का होगा। उन्होंने आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की है। इसके अलावा उन्होंने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एंड डेवलपमेंट स्टडीज से अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र में पीएचडी भी की है।
Vivek Joshi: केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में कर चुके हैं काम
अपने कैडर राज्य के अनुरोध पर वापस हरियाणा भेजे जाने के तीन महीने से भी कम वक्त में उनकी फिर से दिल्ली में वापसी हो रही है। हरियाणा के मुख्य सचिव के पद पर नियुक्ति से पहले विवेक जोशी केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मामलों के मंत्रालय (Ministry of Personnel, Public Grievances, and Pensioners) में कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (Department of Personnel and Training) के सचिव रह चुके हैं। यह मंत्रालय सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अधीन है।
उससे पहले विवेक जोशी वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग में सचिव और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन रजिस्ट्रार जनरल एंड सेंसस कमिश्नर ऑफ इंडिया के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान जनगणना का काम शुरू भी हुआ था, लेकिन कोविड महामारी की वजह से रोक देना पड़ा था।
Vivek Joshi: 2029 में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के तौर पर करवा सकते हैं लोकसभा का चुनाव
नवनियुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल 27 जनवरी, 2029 तक होगा, जब वह 65 वर्ष के हो जाएंगे। यानी, उस साल होने वाले लोकसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा से ठीक पहले उनका कार्यकाल समाप्त हो सकता है। वहीं, एक और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू का कार्यकाल 6 जुलाई, 2028 को ही समाप्त हो जाएगा।
ऐसे में विवेक जोशी जो अभी 58 साल के हैं और चुनाव आयोग में उनका 5 साल का कार्यकाल फरवरी, 2030 तक रहने वाला है। अगर सीनियर चुनाव आयुक्त को ही पदोन्नति की परंपरा आगे भी कायम रखी गई तो विवेक जोशी 2029 में होने वाले आम चुनाव के दौरान देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) होंगे।
रजिस्ट्रार जनरल एंड सेंसस कमिश्नर ऑफ इंडिया के तौर पर उनका जो भी अनुभव रहा है, वह परिसीमन प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग के काम आ सकता है, जो कि 2026 में जनगणना के बाद होना है। परिसीमन आयोग में खुद सीईसी या उनका एक प्रतिनिधि पदेन सदस्य (ex-officio member) होता है।












Click it and Unblock the Notifications