Rajeev Chandrasekhar: कौन हैं राजीव चंद्रशेखर? जो बने केरल भाजपा के अध्यक्ष, PM मोदी के हैं भरोसेमंद
Rajeev Chandrasekhar Kerala BJP chief : पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर (Rajeev Chandrasekhar) को केरल भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने सोमवार 24 मार्च को आधिकारिक तौर पर राजीव चंद्रशेखर को केरल इकाई का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की है।रविवार 23 मार्च को राजीव चंद्रशेखर ने तिरुवनंतपुरम में केरल भाजपा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था।
राजीव चंद्रशेखर के पास दो दशक से अधिक का राजनीतिक अनुभव है। उनकी छवि विकास के एजेंडे पर काम करने वाले मजबूत नेता की है। वह केरल के लिए भाजपा की नई रणनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं। राजीव चंद्रशेखर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी और भरोसेमंद माने जाते हैं।

बता दें कि रविवार को तिरुवनंतपुर में कोर ग्रुप की बैठक हुई है। बैठक में शामिल भाजपा नेता वी मुरलीधरन ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि कोर ग्रुप की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि राजीव चंद्रशेखर अगले (केरल भाजपा) अध्यक्ष होने चाहिए। सोमवार को 24 मार्च को की इस पर निर्णय होगा।
उन्होंने बताया कि राज्य परिषद की बैठक और प्रतिनिधि सत्र में राज्य अध्यक्ष चुनाव के लिए आरओ प्रहलाद जोशी निर्वाचित व्यक्ति के नाम की घोषणा करेंगे। आगामी चुनावों में राजीव चंद्रशेखर के नेतृत्व में केरल भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा स्थानीय निकायों में अधिक सीटें जीते और केरल विधानसभा में महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराए।
कौन हैं राजीव चंद्रशेखर?
राजीव चंद्रशेखर का जन्म 31 मई 1964 को गुजरात के अहमदाबाद में हुआ था। राजीव चंद्रशेखर के पिता एमके चंद्रशेकर भारतीय वायु सेना के एयर कमोडोर थे और मां आनंदवल्ली अम्मा थीं। उनका पुश्तैनी घर केरल के त्रिशूर जिले के देसमंगलम के पास कोंडायुर में है। राजीव ने देश के कई स्कूलों में पढ़ाई की और मणिपाल प्रौद्योगिकी संस्थान में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की है।
राजीव चंद्रशेखर ने शिकागो से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजीव ने शुरुआत में बेंगलुरु से व्यवसाय की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। जिस वक्त वायरलेस टेलीफोनी सिर्फ एक सपना था, राजीव ने 1994 में पेजर और फिर बीपीएल के माध्यम से मोबाइल सेवाएं शुरू कीं। वह भारत की तकनीकी क्रांति में एक महत्वपूर्ण व्यक्ति बन गए थे।
बिजनेसमैन से राजनेता बने राजीव चंद्रशेखर
2005 में उन्होंने जुपिटर कैपिटल की स्थापना की और अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाया। राजीव चंद्रशेखर बिजनेसमैन से एक राजनेता बने हैं। वह 2006 में कर्नाटक से राज्यसभा में आए। लगातार तीन बार राज्यसभा सांसद रहे। 2021 में उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री नियुक्त किया गया। उन्होंने केरल एनडीए के उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया है।
तिरुवनंतपुरम सीट से लड़ा था लोकसभा चुनाव
राजीव चंद्रशेखर केरल में भाजपा के पहले ऐसे प्रदेश अध्यक्ष होंगे जिनकी संघ परिवार से कोई पृष्ठभूमि नहीं है। केंद्रीय नेतृत्व को उम्मीद है कि उनकी नियुक्ति से केरल भाजपा में फिर से जान आएगी, जो लंबे समय से आंतरिक गुटबाजी से जूझ रही है। लोकसभा चुनाव 2024 में राजीव चंद्रशेखर तिरुवनंतपुरम सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे।












Click it and Unblock the Notifications