कौन हैं नंदन नीलेकणि? PM मोदी ने परीक्षा सुधार की कमान इन्हें ही क्यों सौंपी, डिजिटल इंडिया में है बड़ी भूमिका
देश में NEET समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ियों को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे। अब केंद्र सरकार ने परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की शुरुआत कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा सुधारों के लिए एक हाई पावर टास्क फोर्स बनाने का ऐलान किया है। इसकी कमान इंफोसिस के सह-संस्थापक और आधार परियोजना के प्रमुख चेहरे रहे नंदन नीलेकणि को सौंपी गई है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने इसकी जानकारी 26 जुलाई को एक्स पर वीडियो शेयर कर दी है। इसके बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर सरकार ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी उन्हीं को क्यों दी। आइए जानें कौन हैं नंदन नीलेकणि?

कौन हैं नंदन नीलेकणि? (Who is Nandan Nilekani)
- 2 जून 1955 को बेंगलुरु में जन्मे नंदन मोहनराव नीलेकणि का नाम भारतीय आईटी और डिजिटल क्रांति में स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज है। आईआईटी बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने पटनी कंप्यूटर सिस्टम्स से करियर की शुरुआत की।
- यहीं उनकी मुलाकात एन. आर. नारायण मूर्ति से हुई। 1981 में नारायण मूर्ति और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उन्होंने 'इंफोसिस' की नींव रखी। 2002 से 2007 तक वे इसके सीईओ रहे और 2017 में फिर चेयरमैन बनकर लौटे।
- लेकिन नीलेकणि की सबसे बड़ी पहचान साल 2009 में बनी, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन्हें कैबिनेट रैंक के साथ भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का पहला प्रमुख बनाया।
- नीलेकणि ने ही दुनिया के सबसे बड़े बायोमेट्रिक पहचान तंत्र 'आधार' (Aadhaar) का खाका खींचा और उसे जमीन पर उतारा। इसके बाद भारत में डिजिटल पेमेंट क्रांति लाने वाले यूपीआई (UPI) के शुरुआती ढांचे को विकसित करने में भी उनका बड़ा हाथ रहा।
- 2014 में उन्होंने बेंगलुरु दक्षिण से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन बीजेपी के अनंत कुमार से हार गए। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति छोड़ दी। दान देने के मामले में भी वे काफी आगे रहते हैं।
- 2023 में उन्होंने अपनी मातृसंस्था IIT बॉम्बे को 315 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक दान दिया, जबकि इससे पहले भी वे 85 करोड़ रुपये दे चुके थे। उनकी पत्नी रोहिणी नीलेकणि भी सामाजिक कार्यों में एक्टिव रहती हैं।
आखिर पीएम मोदी ने नीलेकणि को ही क्यों चुना?
पेपर लीक के पीछे जो रैकेट काम कर रहा है, उसे तोड़ने के लिए सिर्फ कागजी कानून काफी नहीं थे। सरकार को एक ऐसे टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट की तलाश थी, जो नेशनल लेवल पर एक अभेद्य और फुल-प्रूफ डिजिटल सिस्टम बना सके।
नंदन नीलेकणि के पास 140 करोड़ लोगों का डिजिटल डेटाबेस सुरक्षित तरीके से मैनेज करने का बेजोड़ तजुर्बा है। पीएम मोदी का मानना है कि जिस शख्स ने आधार और डिजिटल पेमेंट से देश की प्रशासनिक तस्वीर बदल दी, वही इंसान हमारी परीक्षा प्रणाली को टेक-बेस्ड और लीक-प्रूफ बना सकता है।
कानून होगा बेहद सख्त: 10 करोड़ जुर्माना और 8 साल की जेल!
टास्क फोर्स के साथ-साथ सरकार 'सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2024' (Public Examinations Act 2024) में भी कड़े संशोधन करने जा रही है। नए प्रस्तावों के तहत कानूनी शिकंजा कसने की पूरी तैयारी है।
- कड़ी सजा और जुर्माना: धांधली में शामिल पाए जाने पर जुर्माने की राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये तक की जा सकती है और जेल की सजा 8 साल तक होगी।
- विशेष टास्क फोर्स (STF): परीक्षा में होने वाले अपराधों की जांच के लिए स्पेशल पुलिस टास्क फोर्स बनाई जाएगी।
- समय-सीमा तय: एफआईआर दर्ज होने के ठीक दो महीने के भीतर जांच पूरी करना अनिवार्य होगा।
- फास्ट ट्रैक कोर्ट: चार्जशीट दाखिल होने के 3 महीने के भीतर रोज सुनवाई करके फैसला सुनाने के लिए स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट बनेंगे।
- हाई कोर्ट में अपील: फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसलों के खिलाफ हाईकोर्ट में होने वाली अपीलों का निपटारा भी 3 महीने के अंदर करना होगा।
देश की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि जिस तरह नंदन नीलेकणि ने हर भारतीय को एक डिजिटल पहचान दी, क्या वे भारत की परीक्षा प्रणाली को भी लीक-प्रूफ बनाकर छात्रों का खोया भरोसा वापस लौटा पाएंगे।
अब सबसे बड़ी चुनौती क्या होगी?
NEET समेत कई परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों के बाद छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है। अब नंदन नीलेकणि की अगुवाई वाली हाई पावर टास्क फोर्स से उम्मीद की जा रही है कि वह तकनीक और प्रशासन दोनों स्तर पर ऐसा मॉडल तैयार करेगी, जिससे पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी की संभावना कम हो सके।
सरकार ने साफ किया है कि टास्क फोर्स अपनी सिफारिशें जल्द देगी। इसके बाद उन्हीं के आधार पर आगे की सुधार प्रक्रिया लागू की जाएगी। अब देशभर की नजर इस बात पर है कि क्या आधार की तरह परीक्षा व्यवस्था में भी कोई बड़ा और स्थायी बदलाव देखने को मिलेगा।


Click it and Unblock the Notifications
