अमिताभ के साथ काम कर चुके यूसुफ के बेटे हैं फराज खान, मदद के लिए परिवार ने लगाई गुहार
कौन हैं फराज खान, जिनके लिए अभिनेत्री पूजा भट्ट ने लगाई मदद की गुहार
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री पूजा भट्ट ने बुधवार को एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में पूजा भट्ट ने बताया कि वो फराज खाने के इलाज के लिए मदद कर रही हैं और साथ ही उन्होंने बॉलीवुड के बाकी लोगों से भी गुजारिश की, कि जितना भी संभव हो सके, उनकी मदद के लिए आगे आएं। बॉलीवुड अभिनेता फराज खान का इलाज बेंगलुरू के विक्रम हॉस्पिटल में चल रहा है और वो आईसीयू में लाइफ सपोर्ट पर हैं। फराज खान को बीते 8 अक्टूबर को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आइए जानते हैं कि कौन हैं फराज खान?

फिल्म 'मैंने प्यार किया' में मिला था लीड रोल
फराज खान 1990 के दशक के बॉलीवुड अभिनेता हैं और उन्होंने फरेब, मेंहदी जैसी कई मशहूर फिल्मों में काम किया है। फराज खान को सबसे पहले 1989 में आई रोमांटिक फिल्म 'मैंने प्यार किया' में लीड रोल के लिए साइन किया गया था, लेकिन शूटिंग शुरू होने से पहले ही वो गंभीर रूप से बीमार पड़ गए और उनकी जगह ये रोल सलमान खान को दे दिया गया। फराज खान ने अभिनेत्री रानी मुखर्जी के साथ फिल्म मेंहदी में लीड रोल किया था।

पिता कर चुके हैं अमिताभ बच्चन के साथ काम
फराज के पिता यूसुफ खान भी बॉलीवुड के एक दिग्गज अभिनेता रहे हैं और अमिताभ बच्चन के साथ डॉन (विक्रम), अमर अकबर एंथनी (जेबिस्को), परवरिश और नसीब जैसी हिट फिल्मों में विलेन की भूमिका निभा चुके हैं। फराज खान के अलावा उनके परिवार में उनके भाई फहमान खान भी एक एक्टर हैं और बॉलीवुड से जुड़े हुए हैं।

'अचानक 37 साल बाद' से मिली पहचान
फराज खान ने जिन फिल्मों में काम किया, उनमें फरेब और मेंहदी के अलावा 'पृथ्वी', 'दुल्हन बनूं मैं तेरी' और 'चांद बुझ गया' भी शामिल हैं। फिल्मों के अलावा फराज ने टीवी सीरियल 'श्श्श्श...कोई है', 'सिंदूर तेरे नाम का' और 'रात होने को है' में भी काम किया। हालांकि उन्हें सबसे ज्यादा पहचान मिली, सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के थ्रिलर शो 'अचानक 37 साल बाद' से, जिसमें उन्होंने अजय का किरदार निभाया था।

5 दिनों से वेंटिलेटर पर हैं फराज
फराज खान को ब्रेन इंफेक्शन है और वो पिछले 5 दिनों से वेंटिलेटर पर हैं। फराज के इलाज के लिए उनके भाई फहमान खान ने 25 लाख रुपयों की जरूरत बताई है। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि इलाज के दौरान उनके बचने की उम्मीद केवल 50 फीसदी है। अभी तक फराज के लिए इलाज के लिए 54 लोगों से 2.2 लाख रुपए की रकम जमा हो चुकी है। फहमान खान ने बताया कि फराज का फिल्मी करियर काफी पहले खत्म हो चुका है और इन दिनों वो एक साधारण से नौकरी के जरिए अपनी जीवन चला रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications