कौन है अमित कात्याल? जिसकी गिरफ्तारी के बाद तेजस्वी यादव की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित लैंड फॉर जॉब मामले में अमित कात्याल नाम के एक बिजनेसमैन को गिरफ्तार किया है। बिजनेसमैन अमित कात्याल को लालू यादव और तेजस्वी यादव का करीबी बताया जा रहा है।
एजेंसी ने दावा किया है कि पूछताछ के लिए कात्याल को समन जारी किया था, लेकिन वो दो महीने पूछताछ से बच रहे थे। जिसके बाद ईडी ने अब अमित कात्याल को गिरफ्तार कर लिया है।

ईडी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अमित कात्याल एके इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व निदेशक हैं। एके इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड लैंड फॉर जॉब मामले में कथित "लाभार्थी कंपनी" है। इसका रजिस्टर्ड ऑफिस दक्षिण दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक आवासीय भवन है। जिसे फिलहाल तेजस्वी यादव के द्वारा रिहायशी तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमित कात्याल एक बिजनेसमैन हैं। उनका लालू परिवार से करीबी संबंध है। वह दिल्ली की एके इंफोसिस्टम कंपनी के डायरेक्टर भी रह चुके हैं। इस कंपनी से लिंक जुड़ने के बाद ही तेजस्वी यादव का नाम इस कथित घोटाले में आया था।
अमित कात्याल वही कारोबारी है। जिसने राबड़ी देवी की सरकार में पटना बिहटा में बीयर की फैक्ट्री लगाई थी। बाद में इसी अमित कात्याल ने अपने नाम पर एके इन्फोसिस्टम कंपनी नामक कंपनी बनाई। ईडी का दावा है कि, इस कंपनी के नाम पर अकूत संपत्ति अर्जित की गई । जिसके बाद लालू परिवार इस कंपनी का मालिक हो गया। कात्याल की करोड़ों की संपत्ति तेजस्वी के नाम कर दी गई।
मौजूदा समय में एके इंफोसिस्टम नाम की कंपनी के सारे शेयर राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के पास हैं। ये कंपनी सिर्फ जमीन में डील करती है। एके इन्फोसिस्टम के पास 221 डिसमिल के 21 भूखंड हैं। आरोप है कि रेलवे में नौकरी देने के नाम लालू प्रसाद यादव ने कई ऐसी जमीन ली थीं। जिसकी रजिस्ट्री एके इंफोसिस्टम नाम की कंपनी के नाम कराई गई थी।
सीबीआई के अनुसार, नियुक्ति के लिए कोई विज्ञापन या सार्वजनिक सूचना जारी नहीं की गई थी। पटना के कुछ निवासियों को मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर में विभिन्न जोनल रेलवे में नौकरियां दी गई थीं। बदले में उम्मीदवारों ने सीधे या अपने परिवार के सदस्यों के माध्यम से लालू के परिवार के सदस्यों को कथित तौर पर अत्यधिक रियायती दरों पर जमीन बेचीं। जिनकी कीमतें बाजार रेट के मुकाबले काफी कम थी।












Click it and Unblock the Notifications