क्या है 'मीठी प्रथा'? सुषमा स्वराज ने आडवाणी के बर्थडे पर की थी शुरू, अब उनकी बेटी बांसुरी निभा रहीं ये परंपरा
नई दिल्ली, 09 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का बीते सोमवार 94वां जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर दिवंगत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज, लालकृष्ण आडवाणी के निवास स्थान पहुंची और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। बांसुरी स्वराज ने यहां अपनी मां द्वारा शुरू की गई परंपरा को निभाया, उन्होंने ट्वीट कर बताया कि वह मीठी प्रथा के तहत आडवाणी का पसंदीदा चॉकलेट केक ले गई थीं।

पाकिस्तान में हुआ था आडवाणी का जन्म
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर, 1927 को पाकिस्तान के कराची में हुआ था। वह वर्तमान में बीजेपी के सबसे वरिष्ठ नेता हैं। आडवाणी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी थी। पीएम मोदी के अलावा बीजेपी के कई अन्य दिग्गज नेता और मंत्री भी लालकृष्ण आडवाणी को बधाई देने पहुंचे। पीएम मोदी ने गुलदस्ता देकर आडवाणी को बधाई और बाद में टेबल पर चर्चा भी की।

बांसुरी स्वराज ने निभाई मां की परंपरा
इस दौरान सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज ने अपनी मां द्वारा शुरू की गई मीठी प्रथा का भी निर्वहन किया। बांसुरी स्वराज ने अपने ट्वीट में आडवाणी संग फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'आदरणीय आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। अनकी दीर्घायु व स्वास्थ्य के लिये ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ। उनके आवास पर जाकर आशीर्वाद लेने का अवसर मिला। मेरी माँ सुषमा स्वराज द्वारा स्थापित मीठी प्रथा के अनुसार मैं उनका पसंदीदा चॉकलेट केक ले गई थी।'

क्या है मीठी प्रथा?
बता दें कि कार्डियक अरेस्ट की वजह से 6 अगस्त, 2019 को दुनिया को अलविदा कह चुकीं पूर्व विदेश मंत्री सुषणा स्वराज ने लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर 'मीठी प्रथा' की शुरुआत की थी। वह आडवाणी के हर जन्मदिन पर उनका पसंदीदा चॉकलेट केक लेकर घर जाती थीं। उनके ना रहने पर बांसुरी स्वराज ने इस परंपरा को जारी रखा और बीजेपी नेता के लिए उनका पसंदीदा केक लेकर पहुंची।

पीएम मोदी ने कटवाया केक
लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे थे। पीएम मोदी की मौजूदगी में आडवाणी ने केक काटा। वहीं, पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आदरणीय आडवाणी जी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं। लोगों को सशक्त बनाने और हमारे सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने की दिशा में उनके कई प्रयासों के लिए राष्ट्र उनका ऋणी है।
यह भी पढ़ें: लालकृष्ण आडवाणी 94 साल के हुए, प्रधानमंत्री मोदी और मंत्री बधाई देने घर पहुंचे, दिया गुलदस्ता-VIDEO












Click it and Unblock the Notifications