'सांप के जहर की सप्लाई' में घिरे एल्विश यादव ने आर्यन खान पर क्या कहा था? 2 साल पुराना वीडियो वायरल
Elvish yadav news: शुक्रवार सुबह एक खबर ने हर किसी को हैरत में डाल दिया, जिसमें बताया गया कि बिग बॉस ओटीटी-2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव के ऊपर नोएडा पुलिस ने एक रेव पार्टी के मामले में एफआईआर दर्ज की है।
एल्विश यादव के ऊपर रेव पार्टी में नशे के लिए सांप के जहर की सप्लाई करने का आरोप है। हालांकि एल्विश यादव ने एक वीडियो जारी कर सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इस खबर के बीच एल्विश यादव का दो साल पुराना एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें वो आर्यन खान को लेकर निशाना साध रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ये वीडियो उस वक्त का है, जब ड्रग्स के एक मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था। अपने इस वीडियो में एल्विश यादव कह रहे हैं, 'आर्यन खान वाले केस से हमें ये सीखने को मिल रहा है कि अगर आपके पास पैसा है, फेम है तो वो आपको गलत काम करते हुए डिफेंड नहीं कर सकता। और, आप चाहे कितने भी गलत हों, कितना ही गलत करें, बॉलीवुड आपको डिफेंड कर लेगा।'
आर्यन खान को किया था एल्विश यादव ने टारगेट
इस वीडियो में एल्विश यादव ने आगे कहा, 'आज जितने भी लोग आर्यन खान को सपोर्ट कर रहे हैं, दरअसल वो ड्रग्स को नॉर्मलाइज कर रहे हैं। वो बोल रहे हैं कि क्या हो गया अगर ड्रग्स ले लिया तो, 23 साल का बच्चा ही तो है। ये वही लोग हैं, जो उस टाइम पर रिया चक्रवर्ती को सपोर्ट कर रहे थे और संजू बाबा पर जब टाडा का केस लगा था, तो उसे भी डिफेंड कर रहे थे। संजू बाबा पर तो पूरी फिल्म बना दी कि उन जैसा कोई नेक आदमी ही नहीं। हमें ऐसा कुछ नहीं करना है, हमें गलत के खिलाफ आवाज उठानी है। हमें गलत को गलत कहना है।'
'गलत को गलत कहने की हिम्मत कब लाओगे?'
एल्विश ने अपने वीडियो में कहा, 'आज कुछ लोग ट्विटर पर ट्रेंड करा रहे हैं कि आई स्टैंड विद आर्यन खान। एक लड़का ड्रग्स के साथ पकड़ा गया, गिरफ्तार हुआ और उसके खिलाफ चार्जशीट फाइल हो रही है, और ये लोग उसे डिफेंड कर रहे हैं। आखिर ड्रग्स जैसे मामले को इतना नॉर्मलाइज क्यों करना चाहते हो आप लोग? गलत को गलत कहने की हिम्मत कब लाओगे अपने अंदर?'
देखिए एल्विश यादव का 2 साल पुराना वीडियो:-
'आजकल ऐसे लोग यूथ आईकॉन हैं'
एल्विश यादव के इस वीडियो पर लोग कमेंट कर रहे हैं कि 2 साल पहले यही एल्विश यादव ड्रग्स को लेकर आर्यन खान को घेर रहे थे और आज खुद इनका रेव पार्टी में सांपों का जहर सप्लाई करने में सामने आ रहा है। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा कि आजकल ऐसे लोग यूथ आईकॉन हैं, जो ना केवल ड्रग्स सप्लाई करते हैं, बल्कि ड्रग्स एडिक्ट भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications