पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव: नामांकन के दौरान पत्रकार को जबरदस्ती किया नंगा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के नामांकन दाखिले के दौरान पत्रकारों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, कई मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट और कैमरे छीने जाने की घटनाएं हुई हैं। वहीं एक फोटोजर्नलिस्ट पर सत्तारूढ़ टीएमसी के कार्यकर्ताओं के हमला करने और उसे जबरदस्ती नंगा करने का भी मामला सामने आया है। जर्नलिस्ट को उसकी नग्न तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर देने की धमकी दी गई।

पश्चिम बंगाल में पत्रकारों पर हमले को लेकर बुधवार को मीडियाकर्मियों ने मुंहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कोलकाता में प्रदर्शन के दौरान पत्रकार हाथों में 'हम न्याय चाहते हैं', 'हम डरेंगे नहीं', 'स्वतंत्रता हमारा अधिकार है.' लिखी तख्तियां लेकर आए थे। इस मामले में मीडिया एंड जर्नलिस्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (इंडिया ) ने दक्षिण 24 परगना के जिलाधिकारी से की शिकायत में कहा है कि अलीपुर में नौ अप्रैल को नामांकन दाखिल प्रक्रिया को कवर करने के आए पत्रकारों पर हमले हुए हैं।

आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में हो रहे पंचायत चुनाव में लगातार हिंसा के मामले सामने आ रहे हैं। भाजपा, लेफ्ट और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में लगातार हिंसक झड़पें हो रही हैं। उत्तरी 24 परगना जिले में बुधवार को भी विजयी जुलूस में हिंसा में दो लोगों की मौत की खबर है।












Click it and Unblock the Notifications