बंगाल पंचायत चुनाव के लिए BJP और CPI(M) ने किया दोगुना नामांकन, TMC बोली- ये सिर्फ झूठा आरोप लगाते हैं
West Bengal panchayat election 2023: पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों के लिए भाजपा और सीपीआई (एम) ने 2018 की तुलना में इस साल दोगुना नामांकन दाखिल किया है। इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कहा है कि ये पार्टियां सिर्फ डराने-धमकाने का झूठा आरोप लगाती है।
वहीं विपक्षी पार्टियों का दावा है कि उनके उम्मीदवारों पर अपना नामांकन वापस लेने के लिए टीएमसी द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस पर सही से सुरक्षा नहीं देने का भी आरोप लगाया है।

राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक कुल 73,887 सीटों के लिए 56,321 भाजपा उम्मीदवारों ने और माकपा के 48,646 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
एसईसी अधिकारियों मुताबिक 2018 में, केवल 29,528 भाजपा उम्मीदवार और 22,981 सीपीआई (एम) के उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने में कामयाब रहे थे। उनमें से सैकड़ों ने बाद में अपना नामांकन वापस ले लिया था, जिसके परिणामस्वरूप टीएमसी ने 34% सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की थी।
यह संख्या राज्य में 2003 से अब तक सबसे ज्यादा है। 2008 में पिछले पंचायत चुनावों में वामपंथियों के नेतृत्व में निर्विरोध सीटों का अनुपात 5.47% था। 2013 में, ममता सरकार के पहले पंचायत चुनाव में, टीएमसी ने 10% सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की थी।
पश्चिम बंगाल में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा और सीपीआई (एम) और तृणमूल कांग्रेस आमने-सामने आ गई है। राज्य में पिछले कुछ दिनों से हो रही राजनीतिक हिंसा की वजह से केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
अब केंद्रीय बलों की तैनाती के हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट गई है। शनिवार (17 जून) को केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रामाणिक के काफिले पर कूचबिहार जिले में कथित रूप से टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किया गया था, जब वह ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस जा रहे थे, जहां नामांकन पत्रों की जांच चल रही थी।
कूचबिहार की घटना के अलावा, जयनगर के चलताबेरिया पंचायत क्षेत्र से एक वामपंथी समर्थित निर्दलीय को टीएमसी कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से नामांकन वापस लेने की धमकी दी थी। सीपीआई (एम) ने दावा किया कि उम्मीदवार, सुब्रत गायन, नामांकन जमा करने के बाद से सत्ताधारी पार्टी के डर के कारण घर वापस नहीं आ पाए थे।












Click it and Unblock the Notifications