सीबीआई vs ममता सरकार मामले में दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने क्या कहा?
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार और सीबीआई के बीच टकराव को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सहित कई विपक्षी दलों के नेताओं ने ममता बनर्जी का समर्थन किया है और मोदी सरकार पर हमला बोला है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो कुछ भी पश्चिम बंगाल में किया वह बहुत खतरनाक है और संविधान के खिलाफ, लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हर राज्य में चुनी हुई सरकार है।

विपक्षी दलों ने बीजेपी के खिलाफ खोला मोर्चा
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री इस प्रकार से सीबीआई और ईडी को भेजकर अफसरों को डराने का प्रयास करेंगे तो ये देश सुरक्षित नहीं रहेगा। वहीं, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि पहले सीबीआई के अंदर ही विवाद था और सरकार सीबीआई के डायरेक्टर से डरी हुई थी। अब ये लोग सीबीआई के सहारे सभी को डराने का प्रयास कर रहे हैं। संस्थानों को गलत इस्तेमाल कौन कर रहा है?

केंद्र ने जो पश्चिम बंगाल में किया वह बहुत खतरनाक- केजरीवाल
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर सीबीआई का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि बंगाल ही नहीं, अन्यय राज्यों में भी ऐसी चीजें सुनने में आई हैं। अखिलेश यादव ने कहा, ' ये केवल मैं या समाजवादी पार्टी नहीं, बल्कि सभी राजनीतिक दल कह रहे हैं।' बता दें कि सीबीआई की टीम सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सारदा चिट फंड घोटाले की जांच कर रही है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने भी केंद्र पर निशाना साधा और कहा कि वे ममता बनर्जी के साथ हैं। विपक्षी दलों के खिलाफ सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।

ममता बनर्जी धरने पर बैठी हैं
पश्चिम बंगाल में शारदा चिट फंड घोटाले की जांच कर रही सीबीआई की टीम पुलिस कमिश्नर से पूछताछ करने के लिए उनके आवास पहुंची तो पुलिस ने उनको बाहर ही रोक लिया। मौके पर पहुंचे सीनियर पुलिस अधिकारियों ने सीबीआई अधिकारियों को न सिर्फ घर से दूर रहने के लिए कहा बल्कि उन्हें हिरासत में भी ले लिया। वहीं, अब सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मोदी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications