Bengal Chunav Result: आरजी कर रेप विक्टिम की मां से अधीर रंजन तक, बंगाल की टॉप 10 सीटों पर कौन जीता कौन हारा?
West Bengal Chunav 2026 Updates: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पहली बार राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी ने 206 सीटें जीतकर इतिहास दर्ज कर लिया है। टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद अपनी भवानीपुर सीट से 15 हजार वोटों से हार गई हैं। भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटें सुवेंदु अधिकारी ने जीती है।
आरजी कर रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ जीत गई है। वहीं बहरामपुर सीट से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी हार गए हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि बंगाल की उन 10 हाई-प्रोफाइल सीटों का हाल, जहां दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है।

पश्चिम बंगाल की 10 हाई-प्रोफाइल सीटों पर कौन जीता और कौन हारा?
1. भवानीपुर: ममता बनर्जी की ऐतिहासिक हार, सुवेंदु की जीत
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने ही गढ़ भवानीपुर में चुनाव हार गई हैं। भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें 15,105 वोटों के अंतर से हराया। 20वें और अंतिम दौर की गिनती के बाद सुवेंदु को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी 58,812 वोटों पर सिमट गईं।

2. नंदीग्राम: सुवेंदु अधिकारी का दबदबा बरकरार
नंदीग्राम में भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने एक बार फिर अपनी जीत का परचम लहराया है। उन्होंने टीएमसी के पवित्र कार को 9,665 वोटों के अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ सुवेंदु ने बंगाल की दो सबसे बड़ी सीटों (भवानीपुर और नंदीग्राम) पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।
3. पानीहाटी: रत्ना देबनाथ की 'इंसाफ' वाली जीत
आरजी कर पीड़िता की मां और भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने पानीहाटी सीट से बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने टीएमसी के तीर्थंकर घोष को 28,836 वोटों से हराया। इस जीत को राजनीतिक हलकों में पीड़िता के लिए न्याय की मांग के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
4. बहरामपुर: अधीर रंजन चौधरी का किला ढहा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी अपनी साख नहीं बचा पाए। भाजपा के सुब्रत मैत्रा ने बहरामपुर सीट पर जीत दर्ज की है। शुरुआती रुझानों से ही कांग्रेस पीछे चल रही थी और अंततः भाजपा ने इस मजबूत किले में सेंध लगा दी।
5. खड़गपुर सदर: दिलीप घोष की जोरदार वापसी
भाजपा के कद्दावर नेता दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर सीट पर अपनी पकड़ साबित की है। उन्होंने टीएमसी के प्रदीप सरकार को पटखनी देते हुए जीत हासिल की। राज्य की राजनीति में दिलीप घोष की इस जीत को उनकी वापसी के तौर पर देखा जा रहा है।
6. डायमंड हार्बर: टीएमसी ने बचाई साख
अभिषेक बनर्जी के गढ़ माने जाने वाले डायमंड हार्बर में टीएमसी ने अपनी सीट बचा ली है। टीएमसी के गौतम भट्टाचार्य ने भाजपा के दीपक कुमार हलदर को एक कड़े मुकाबले में मात दी।
7. हिंगलगंज: संदेशखाली की आवाज रेखा पात्रा की जीत
संदेशखाली आंदोलन का चेहरा रहीं भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा ने हिंगलगंज सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने टीएमसी के आनंद सरकार को 5,421 वोटों के अंतर से हराया। संदेशखाली विवाद का सीधा असर इस सीट के नतीजों पर दिखा।
8. डोमकल: पूर्व IPS हुमायूं कबीर जीते
डोमकल सीट पर टीएमसी के उम्मीदवार और पूर्व IPS अधिकारी हुमायूं कबीर अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे। उन्होंने माकपा (CPM) के मुस्तफिजुर रहमान को एक त्रिकोणीय और कड़े मुकाबले में पराजित किया।
9. समसेरगंज: टीएमसी के मोहम्मद नूर आलम की जीत
समसेरगंज में टीएमसी के मोहम्मद नूर आलम ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के सस्ति चरण घोष और कांग्रेस के मो नजमे आलम को पीछे छोड़ा। यहां वोटों के ध्रुवीकरण का सीधा लाभ टीएमसी को मिला।
10. कोलकाता पोर्ट: फिरहाद हकीम की साख बरकरार
ममता सरकार के मंत्री फिरहाद हकीम ने कोलकाता पोर्ट सीट से भाजपा के राकेश सिंह को हराकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। अल्पसंख्यक बहुल इस इलाके में हकीम ने अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया।














Click it and Unblock the Notifications