IMD Updates in Hindi: मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी, जानें क्या करें और क्या ना करें?
Weather Updates (DO-DONTS): दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत इस वक्त ठंड से कांप रहा है। कोहरे और शीतलहर ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ है।

यूपी के कुछ जिलों में तो आज बारिश हो गई है, जिसकी वजह से पारा और नीचे लुढ़क गया है। लोगों का बाहर निकलना बहुत मुश्किल हो गया है। घने कोहरे के कारण दिल्ली आने-जाने वाली 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। तो वहीं हवाई उड़ानें भी प्रभावित हैं।

मौसम विभाग ने एडवाइजरी लागू की
मौसम का आतंक देखते हुए मौसम विभाग ने एडवाइजरी लागू की है और कहा है कि अगले तीन -चार दिन बिना जरूरत घर से बाहर ना निकलें और अगर निकलें तो दी गई गाइडलाइंस का सख्ती का पालन करें।
मौसम विभाग की एडवाइजरी निम्नलिखित है...
- बच्चे और बूढ़े दोनों शीतलहर के सीधे शिकार हो जाते हैं इसलिए उनका ख्याल रखें।
- गर्म कपड़े पहनें, खुले पैर ना रहें।
- मौसम के बारे में अपडेट लेकर ही घर से बाहर निकलें।
- घर में रहें और ताजा भोजन खाएं और स्वच्छ पानी पिएं।
- घर में पर्याप्त खाने-पीने की चीजें, पानी और जनरल दवाई की व्यवस्था रखें।
- सर्दी-जुकाम के प्रति बिल्कुल भी लापरवाही नहीं करें, अगर ये जल्द ठीक ना हों तो तुरंत डॉक्टर से मिलें।
- ठंड में यात्रा कम से कम करें।
- अपने आप को सूखा रखें।
- काम के लिए भी गर्म पानी का प्रयोग करें।
- शरीर के तापमान को संतुलित बनाए रखने के लिए रोज कसरत करें।
- अक्सर ठंड बढ़ने से शरीर के खुले अंग सूज जाते हैं या उन पर फफोले पड़ जाते हैं, जिसे कि मेडिकल भाषा में फ्रॉस्टबाइट कहा जाता है इसलिए दस्ताने, मोजे और मफलर जरूर पहनें।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश , राजस्थान, दिल्ली, बिहार, एमपी में बहुत ज्यादा ठंड पड़ने के आसार हैं।
जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है
इसलिए हर किसी को सेहत का ख्याल रखने की जरूरत है क्योंकि जरा सी लापरवाही बड़ी बीमारी का सबब बन सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक आज सुबह दिल्ली में तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, असम और मेघालय में भी आज बरसात हो सकती है तो वहीं हिमाचल-उत्तराखंड और कश्मीर में आज जमकर बर्फबारी होगी तो वहीं कश्मीर के कई स्थानों में पारा शून्य के नीचे चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications