Weather:अगले तीन-चार दिनों तक इन राज्यों में होगी भारी बारिश, यहां भयंकर लू चलने का अनुमान-IMD
नई दिल्ली, 10 अप्रैल: मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों के लिए बहुत ही राहत भरी भविष्यवाणी की है, जहां बारिश ही नहीं भारी बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है। ऐसे वक्त में जब देश का लगभग अधिकतर हिस्सा भयंकर लू और गर्मी की चपेट में है, बारिश का नाम सुनकर ही मन खिल उठता है। वेदरमैन ने कई इलाकों में लू से राहत मिलने की भी संभावना जताई है तो कई राज्यों को भयंकर लू से सावधान रहने की हिदायत भी जारी की है। आइए नजर डालते हैं कि अगले चार-पांच दिनों में देश का मौसम किस तरह से करवट लेता नजर आ सकता है।

कुछ राज्यों में मिल सकती है गर्मी से बड़ी राहत
भारतीय मौसम विभाग उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में आने वाले दिनों में लू की स्थिति में थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई है। लेकिन, कुछ राज्य के लोगों को तो भयानक गर्मी से राहत मिलने की बहुत बड़ी उम्मीद भी जगा दी है। इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। लेकिन, सबसे बड़ी राहत की बात है कि उत्तर भारत, जो कि इस समय भयंकर लू के थपेड़ों से परेशान है, उसमें आने वाले दिनों में काफी राहत मिल सकती है।

12 अप्रैल से यहां लू से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के मुताबिक 12 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालय के क्षेत्रों में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अधिकतम तापमान में उत्तर-पश्चिमी भारत के कई इलाकों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। भारतीय मौसम विभाग ने एक ट्वीट में कहा है, 'परिणामस्वरूप, उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में हीटवेव की स्थिति की तीव्रता और फैलाव 12 अप्रैल से कम होने की संभावना है।'

यहां हीटवेव की चेतावनी
हालांकि, उत्तर-पश्चिमी भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में सुधार की भविष्वाणी की गई है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान में 12 से 14 अप्रैल के बीच हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। वहीं 10 और 11 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के छिटपुट क्षेत्रों में भयंकर लू चलने की संभावना है, यही नहीं पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी सामान्य से गंभीर लू की स्थिति पैदा होने का अनुमान जताया गया है।

हिमाचल और जम्मू में भी लू चलने का अनुमान
इसी तरह से 10 से 12 अप्रैल के बीच झारखंड में, 10 और 11 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश और जम्मू डिविजन में लू चलेगी। साथ ही छत्तीसगढ़ में 10 अप्रैल को लू की स्थिति का अनुमान जताया गया। रविवार को उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ज्यादातर जगह पर लोगों ने भयंकर लू का सामना भी किया है, गर्म हवा के थपेड़ों ने दिन के समय हालात बहुत ही खराब कर दिए।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
अगले पांच दिनों तक असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होने का अनुमान है। इनमें से अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग समय पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। 10, 13 और 14 अप्रैल को असम और मेघालय में, 13 और 14 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना जाहिर की गई है। इसी तरह 10, 13 और 14 अप्रैल को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है और 10 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र में भी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।

दक्षिण भारत में यहां होगी भारी बारिश
अगर दक्षिण भारत की बात करें तो अगले पांच दिनों में केरल में हल्की से लेकर व्यापक बारिश और गरज के साथ छींटे, आसमानी बिजली गिरने की संभावना है तो तमिलनाडु-पुचुचेरी,लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और अंदरूनी कर्नाटक में छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश हो सकती है। लेकिन, 10 अप्रैल को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, 10, 13 और 14 अप्रैल को केरल में और 11 अप्रैल को तमिलनाडु में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। (तस्वीरें- प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications