केरल समेत इन राज्यों में कल भारी बारिश का अलर्ट, कश्मीर में बर्फबारी का अनुमान
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर: राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में बीते दो दिन में काफा बारिश हुई है। खासतौर से केरल और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। केरल में बीते दो दिन की बारिश में 30 और उत्तराखंड में कम से कम 23 लोगों की जान गई है। आने वाले दिनों में भी यहां बारिश से राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

केरल में कल और परसों भी बारिश का अनुमान
केरल में बुधवार और गुरुवार को भी भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। केरल के 11 जिलों के लिए बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 20 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम, पठानमथिट्टा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड और कन्नूर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 12 जिलों में गुरुवार को भी बारिश का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में भी भारी बारिश
मौसम विभाग ने केरल के अलावा कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 20 से 21 अक्टूबर तक बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जारी किया है। बुधवार को पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के अलावा बिहार और उसके आस-पास के इलाकों में भी बारिश हो सकती है। बंगाल और बिहार के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका है।

कश्मीर और लद्दाख में गिर सकती है बर्फ
23 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। 22 और 23 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्तिस्तान बारिश और बर्फबारी का भी अनुमान है। 23 अक्टूबर को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान में हल्की बारिश भी हो सकती है।
बता दें कि केरल में लगातार हो रही बारिश से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। यहां बाढ़ और भूस्खलन से अब तक कुल 30 लोगों की जान गई है, कई लोग अभी भी लापता बताए गए हैं। उत्तराखंड में भी नैनीताल समेत कई शहरों में लगातार बारिश और बादल फटने की वजह से तबाही हुई है।












Click it and Unblock the Notifications