Weather: दिल्ली में बादल, UP-बिहार में आंधी-तूफान, IMD ने इन राज्यों में भीषण गर्मी को लेकर जारी किया अलर्ट
Weather forecast: भीषण गर्मी का कहर उत्तर भारत में जारी है। कुछ राज्यों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किए गए हैं तो कुछ राज्यों में आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 अप्रैल तक पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है।
आईएमडी ने कई राज्यों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम एजेंसी ने उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान की भी भविष्यवाणी की है।

Delhi Weather: दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली एनसीआर में भी अब लू जैसी स्थिति बन रही है। अलग-अलग इलाकों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल दिल्ली में तीन से चार दिनों तक हीटवेव को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। सोमवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में मामूली गिरावट होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में "आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सोमवार को 10-20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सतह पर हवाएं चलेंगी, जो 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है जो सामान्य से 1 - 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है।
IMD issues heatwave alert: इन राज्यों में लू को लेकर जारी किया गया अलर्ट?
- मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में 1 मई तक लू चलने की संभावना है, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 2 मई तक भीषण गर्मी रहेगी। जम्मू में भी सोमवार 28 अप्रैल को अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है।
- आईएमडी ने 1 मई तक बिहार, झारखंड, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और गुजरात में भी "गर्म और आर्द्र" मौसम रहने की संभावना जताई है।
IMD alert for a thunderstorm: इन राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट
- आईएमडी ने कहा कि अगले छह दिनों में पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ छींटे, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। असम और मेघालय में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
- मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 30 अप्रैल तक गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
- मौसम एजेंसी ने 30 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और झारखंड में गरज के साथ छींटे पड़ने का भी अनुमान लगाया है।
- अगले छह दिनों के दौरान कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
- 29 और 30 अप्रैल को केरल और माहे में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications