Weather: दिल्ली से लेकर मुंबई तक, कैसा रहेगा मौसम, किन-किन राज्यों में होगी बारिश? पढ़ें आज का वेदर अपडेट
Weather Today Update: देशभर के कई शहरों में मौसम की स्थिति में बदलाव देखने को मिल रहा है, कहीं गर्मी चरम पर है, तो कुछ इलाकों में बारिश और कहीं उमस भरा मौसम है। दिल्ली और महाराष्ट्र में धूल भरी हवाएं और बूंदाबांदी देखी गई, केरल और तटीय क्षेत्रों में समय से पहले मानसून आने की उम्मीद है। मानसून 5 दिन पहले ही केरल में आ जाएगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए हीटवेव (लू), शुष्क दिनों के साथ-साथ कुछ राज्यों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है।
Delhi Weather Today: दिल्ली में आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है। सुबह बादल छाएंगे लेकिन दोपहर में कड़ी धूप लोगों को परेशान कर सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के खत्म होने की वजह दिल्ली में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शहर में धूल भरी तेज हवाओं के साथ आज शाम को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। 8 मई तक दिल्ली एनसीआर में बीच-बीच में बादल आते जाते रहेंगे। दिल्ली एनसीआर में मानसून 15 जून से 25 जून के बीच पहुंचने की संभावना है।

Mumbai Weather: मुंबई में कैसा रहेगा मौसम?
पिछले हफ्ते तेज हवाओं और गरज के साथ प्री-मानसून बारिश के बाद, मुंबई और उसके आसपाक के इलाकों में गरज के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने कहा है कि आज यानी 13 मई को मुंबई में बिजली-गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) चल सकती हैं। इसको लेकर शहर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए 13-14 मई दोनों दिनों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
Heatwave alert: इन राज्यों में हीटवेव को लेकर अलर्ट?
🔴 भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 मई तक बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना जताई है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है 13-14 मई तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। वहीं 13 मई से झारखंड और उत्तरी ओडिशा में लू चलने की शुरुआत हो सकती है।
🔴 आईएमडी ने कहा कि 13-15 मई के दौरान पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय क्षेत्रों में, 13-14 मई को झारखंड में, 13-15 मई को उत्तरी तटीय ओडिशा में, 15-17 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में, 14-17 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में और 17 मई को पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव जारी रहेंगी।
🔴 इसके अलावा झारखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।
Rainfall alert: इन राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट?
🔴 आईएमडी ने 13 मई को उत्तर-पश्चिम भारत में गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। 13 मई तक पश्चिम और मध्य भारत में इसी तरह का मौसम जारी रहने की उम्मीद है और उसके बाद इसमें काफी कमी आएगी।
🔴 मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 13-15 मई के दौरान पूर्वोत्तर भारत में गरज और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने 13 मई को मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और 15 मई तक अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
🔴 मौसम विभाग के मुताबिक 13-14 मई को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। 13 मई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बहुत बारिश हो सकती है। 13-14 मई को निकोबार में कुछ स्थानों पर बारिश की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications