Weather Forecast: दिल्ली-NCR में कोहरे के साथ फिर लौटेंगी सर्द हवाएं, पढ़िए अपने राज्य का वेदर अपडेट
Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम में थोड़ा बदलाव आया है। पांच दिन की धूप के बाद शुक्रवार की सुबह यूपी समेत कुछ राज्यों में कोहरा छाया रहा। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ बना हुआ है। इस बीच, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले एक दो दिन में तापमान फिर कम होने लगेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस तक दिल्ली का आसमान एक दम साफ रहने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग ने कहा कि फिलहाल कोई भी पश्चिम विक्षोभ यानि वेस्टर्न डिस्टरबेंस दिल्ली या आसपास के इलाकों में एक्टिव नहीं है। साथ ही, कहा कि न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना है।

हालांकि, मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि एनसीआर में एक हफ्ते तक कोहरा छाया रहेगा और तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। एनसीआर के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी कोहरे के कारण ठंड बढ़ने की संभावना है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। इन पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 जनवरी को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
25 जनवरी को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। 26 जनवरी से 28 जनवरी तक एनसीआर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यह स्थिति पूरे सप्ताह बनी रह सकती है।
कश्मीर में ठण्ड
कश्मीर में गुरुवार को गुलमर्ग को छोड़कर अधिकांश मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। मौसम विभाग ने महीने के अंत तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम की उम्मीद जताई है। श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछले रीडिंग से 0.6 डिग्री कम था।
पहलगाम में तापमान पिछली रात के शून्य से 4.2 डिग्री नीचे की तुलना में गिरकर शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। इसके विपरीत, गुलमर्ग में तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई और तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पहले से एक डिग्री अधिक है।
ये भी पढ़ें: Weather: दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, ठंड दिखाएगी असर, IMD ने जारी किया बारिश-बर्फबारी का अलर्ट












Click it and Unblock the Notifications