खतरनाक स्तर पर पहुंचने वाला है चक्रवाती तूफान 'क्यार', देश के इन हिस्सों में होगी भारी बारिश
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी जारी कर कहा है कि चक्रवाती तूफान भारत के पश्चिमी तट पर बेहद खतरनाक स्थित में पहुंचने वाला है। जिसके चलते न्यू मंगलुरु पोर्ट पर लगभग 100 मछली पकड़ने की नौकाओं और हजार से अधिक लोगों को बचाया गया है और बंदरगाह के सुरक्षित क्षेत्र में भेजा गया है।

इसके चलते कर्नाटक के उडुपी के कुछ हिस्सों में आज बारिश भी हुई है। आईएमडी ने कल गोवा, कर्नाटक और दक्षिण कोंकण के तटीय जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग का कहना है कि गंभीर चक्रवाती तूफान क्यार कल रात 11:30 बजे, महाराष्ट्र के रत्नागिरी के पश्चिम में लगभग 200 किमी और मुंबई के 310 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। इसके अगले 5 दिनों के दौरान ओमान के तट की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।
तूफान के कारण अगले 24 घंटों में ओडिशा, असम और मेघायल में भी भारी बारिश हो सकती है। इससे पहले मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक के तट पर रेड अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने इससे एक दिन पहले अपने बुलेटिन में कहा था, 'तूफान के 25 अक्टूबर की शाम तक पूर्व-उत्तर-पूर्व वार्डों तक पहुंचने की संभावना है।
इसके बाद दक्षिण ओमान और आसपास के यमन तट पर लगभग 72 घंटे के दौरान तीव्रता के साथ पश्चिम की ओर फिर से इसके आने की संभावना है।' मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। बता दें गोवा में लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि इससे फिलहाल राहत पाने की संभावना नहीं है। पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे अपने घरों में रहें और मछुआरों से कहा गया है कि वे समुद्र में न जाएं।
वहीं बंगाल की खाड़ी में निमन दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा में बारिश का लगातार तीसरे दिन भी असर रहा है। यहां बारिश के कारण हुए हादसों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications