Waqf Bill: वक्फ संशोधन बिल के समर्थन में कैसे आए JDU-TDP, मुस्लिम वोट बैंक की चिंता क्यों नहीं की?
Waqf Bill: मोदी सरकार के वक्फ (संशोधन) विधेयक को लेकर भारतीय राजनीति में काफी चर्चा हो रही है। खासतौर पर इस विधेयक पर एनडीए (NDA) के प्रमुख सहयोगी दलों, जैसे जनता दल यूनाइटेड (JDU) और तेलुगु देशम पार्टी (TDP), द्वारा संसद में दिए गए समर्थन को लेकर।
ये दोनों दल ऐसे राज्यों का नेतृत्व कर रहे हैं, जहां मुस्लिम आबादी बहुत प्रभावी भूमिका में है। इसके बावजूद, उन्होंने बिल के पक्ष में वोट क्यों दिया? क्या उन्होंनेम मुस्लिम वोट बैंक की चिंता छोड़ दी है, या फिर उन्होंने कोई नई राजनीतिक रणनीति अपनाई है? आइए इन पहलुओं को विस्तार से समझते हैं।

Waqf Amendment Bill: जेडीयू और टीडीपी का समर्थन क्यों?
बिहार और आंध्र प्रदेश की राजनीति में जेडीयू (JDU) और टीडीपी (TDP) की भूमिका अभी बहुत महत्वपूर्ण है। इन राज्यों में मुस्लिम समुदाय की संख्या काफी है, और परंपरागत रूप से इन दलों को मुस्लिमों के समर्थन का फायदा भी मिलता रहा है। लेकिन इस बार, वक्फ संशोधन विधेयक के मामले में, उन्होंने खुलकर केंद्र सरकार का समर्थन किया, इससे उनकी नई रणनीति को लेकर चर्चा हो रही है।
1. बिहार में जेडीयू की संभावित रणनीति
जेडीयू सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने संसद में अपने भाषण में कहा कि नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में मुस्लिमों के लिए जितना काम किया है, उतना आजादी के बाद से किसी ने नहीं किया।
उन्होंने विधेयक का समर्थन करते हुए दावा किया कि यह बिल मुस्लिम समुदाय के कल्याण के लिए लाया गया है और यह वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा।
यह बयान दर्शाता है कि जेडीयू अपनी पुरानी मुस्लिम-समर्थक छवि को बनाए रखने के साथ-साथ भाजपा के साथ अपने गठबंधन को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
2. देश की बदलती राजनीति की ओर इशारा!
बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसलिए उसका स्टैंड भारतीय राजनीति की तेजी से बदल रही फिजा की ओर भी इशारा लग रहा है।
जेडीयू यह भी समझता है कि वक्फ बिल पर उसके स्टैंड से बिहार में उसका मुस्लिम वोट बैंक भले ही थोड़ा कमजोर हो, लेकिन भाजपा के समर्थन से उसे जो लाभ होगा, वह कहीं ज्यादा हो सकता है।
3. टीडीपी की रणनीति और आंध्र प्रदेश का राजनीतिक समीकरण
तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के सांसद कृष्णा प्रसाद टेनेटी ने भी मुस्लिमों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर जोर देते हुए कहा कि उनका दल हमेशा से मुसलमानों के उत्थान के लिए काम करता रहा है।
उन्होंने इस बिल में कुछ बदलावों की सिफारिश की, जिसमें राज्य सरकारों को वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल करने की स्वतंत्रता देने का सुझाव दिया गया।
टीडीपी ने इस बिल में अपने विचार रखे, लेकिन अंततः इसे समर्थन देकर बीजेपी के साथ अपनी निकटता को आगे रखा।
क्योंकि, चंद्रबाबू नायडू यह समझते हैं कि भाजपा के साथ गठबंधन आंध्र प्रदेश में उनके लिए राजनीतिक रूप से अभी ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।
यहां बिहार की तरह अभी लोकसभा या विधानसभा के चुनाव भी नहीं होने वाले हैं, इसलिए अगले चुनावों तक यह कोई मुद्दा रह जाएगा, इसकी भी गुंजाइश नहीं लग रही।
Waqf Bill Kya Hai: मुस्लिम वोट बैंक की चिंता क्यों नहीं?
1. मुस्लिम वोट बैंक का बंटवारा
पिछले कुछ वर्षों में मुस्लिम वोट बैंक का झुकाव कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), तृणमूल कांग्रेस (TMC),आम आदमी पार्टी (AAP) या विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक (INDIA bloc) में शामिल भाजपा-विरोधी दलों की ओर बढ़ा है।
जेडीयू, टीडीपी हो या एलजेपी (आर) या हिंदुस्तान अवान मोर्चा (HAM) यह समझते हैं कि बीजेपी के साथ रहने पर मुस्लिम वोटों का पूरी तरह से उनके पक्ष में बने रहना हमेशा मुश्किल है।
ऐसे में उन्होंने भाजपा के साथ बने रहने का विकल्प चुनने में ही भलाई समझी है, जिससे उन्हें उसके विशाल हिंदू वोट बैंक का फायदा मिल सके।
2. क्षेत्रीय राजनीति का असर
बिहार और आंध्र प्रदेश में राजनीतिक समीकरण लगातार बदल रहे हैं। बिहार में जेडीयू के लिए भाजपा के साथ गठबंधन बनाए रखना महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों का गठबंधन मजबूत नहीं दिख रहा।
वहीं, आंध्र प्रदेश में टीडीपी के सामने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) एक मजबूत प्रतिद्वंदी है। भाजपा के साथ रहने से टीडीपी को अतिरिक्त राजनीतिक समर्थन मिल सकता है।
Waqf Amendment Bill 2025: विपक्ष का क्या रुख और सत्ताधारी दलों का भरोसा?
विपक्षी दलों, विशेष रूप से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और टीएमसी ने इस विधेयक का विरोध किया और इसे मुस्लिम विरोधी बताया।
लेकिन भाजपा और उसके सहयोगी दलों का यह स्पष्ट रुख है कि यह विधेयक केवल वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लाया गया है और इसका उद्देश्य मुस्लिम समुदाय को नुकसान पहुंचाना नहीं है।
इस भरोसे शायद उन्हें यकीन है कि सीएए की तरह जब मुसलमान विधेयक की वास्तविकता समझेंगे तो विपक्ष की बातों में नहीं पड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications