Waqf Bill Controversy: तेजस्वी यादव के बयान पर BJP का पलटवार, 'शरिया कानून लाना चाहते हैं'
Waqf Bill Controversy: पटना के गांधी मैदान की रैली में रविवार को बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने वक्फ बिल पर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि इसे कूड़े में फेंक देना चाहिए। अब इस पर बीजेपी ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा है कि इंडिया गठबंधन देश में शरिया कानून लाना चाहती है। बीजेपी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशू त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस, आरजेडी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि संसद के दोनों सदनों से कानून पास हो गया है। सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन इन्हें न संविधान का सम्मान करना है और न ही न्यायपालिका का। इनका समाजवाद असल में सिर्फ वोट बैंक के लिए नमाजवाद है।

'संविधान, न्यायपालिका किसी का सम्मान नहीं करते कांग्रेस-आरजेडी'
सुधांशू त्रिवेदी ने कहा, 'पटना के गांधी मैदान में जहां आपातकाल के दौरान संविधान की रक्षा और संविधान के सम्मान के लिए जान की परवाह किए बिना लाखों लोग एकत्र हुए थे। वहां इंडी गठबंधन के सहयोगी, बिहार के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि संसद के कानून को (वक्फ बोर्ड कानून) कूड़ेदान में फेंक देंगे।' त्रिवेदी ने कहा कि बाबा साहेब के संविधान को यह लोग कूड़ेदान में फेंक देना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: बुलेट की तरह आया ड्रोन, तेजस्वी यादव बाल-बाल बचे! देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO
इस बयान पर विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने अपना पल्ला झाड़ लिया है। कांग्रेस ने इसे आरजेडी का बयान करार दिया है। हालांकि, इस पर अब सियासी संग्राम होता दिख रहा है और बीजेपी इसका इस्तेमाल बिहार चुनाव में करने की पूरी कोशिश करेगी। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशू त्रिवेदी ने इंडिया गठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शायद इनकी मंशा बिहार और पूरे देश में शरिया कानून लागू करने की है।
'बाबा साहेब के संविधान को कूड़े में नहीं डालने देंगे'
सुधांशू त्रिवेदी ने कहा, 'विपक्ष अपने वोट बैंक के लिए संविधान की अवहेलना करने की अपनी 50 साल पुरानी मानसिकता से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इनके लिए संविधान भी कूड़े में डालने की चीज है। जो लोग वक्फ कानूनों में संशोधन का विरोध कर रहे हैं और समाजवाद का दिखावा कर रहे हैं, उन्होंने सिर्फ चोला ओढ़ रखा है। इन्हें नमाजवाद कहना चाहिए। ये उत्पीड़ित मुसलमानों की बेहतरी के लिए नहीं लड़ रहे हैं। राजद हो या कांग्रेस इनकी वोट बैंक के लिए प्यास की तड़प है। पीड़ित मुसलमानों के पक्ष में खड़े होने के बजाय मुल्ले-मौलवियों के सामने जाकर झुकते हैं।'
यह भी पढ़ें: Bihar Election: बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर विपक्ष डरा क्यों है? तेजस्वी बोले- ये वोट काटने की तैयारी
बिहार की जनता से की अपील
राज्यसभा सांसद सुधांशू त्रिवेदी ने तेजस्वी यादव की आलोचना करते हुए बिहार की जनता से कहा, 'बिहार की जनता को फैसला लेना है। एक तरफ ऐसे लोग हैं जो सरकार बनने पर चोर दरवाजे से देश में शरिया कानून लागू कर देंगे। दूसरी तरफ हमारी सरकार है जो बाबा साहेब के संविधान की रक्षा करने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तैयार है।'












Click it and Unblock the Notifications