Waqf Amendment Bill: "अन्याय और भ्रष्टाचार के युग का अंत" अमित शाह ने PM मोदी का जताया आभार
Waqf Amendment Bill: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक के पारित होने से "अन्याय" और "भ्रष्टाचार" समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि संसद द्वारा वक्फ अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दिए जाने से न्याय और समानता का युग शुरू हो गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा- आज एक ऐतिहासिक दिन है, जब संसद ने 'वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025' को स्वीकृति देकर वर्षों से चले आ रहे अन्याय और भ्रष्टाचार के युग का अंत किया है और न्याय व समानता के युग की शुरुआत की है। इस विधेयक के माध्यम से वक्फ बोर्ड और वक्फ संपत्तियाँ अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और न्यायसंगत होने वाली हैं। इससे निश्चित ही मुस्लिम समुदाय के गरीबों, महिलाओं और बच्चों को लाभ मिलेगा।

अमित शाह ने पीएम मोदी, रिजिजू का जताया आभार
अमित शाह ने इस विधेयक के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को बधाई देते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को न्याय देने वाले इस महत्त्वपूर्ण बिल के लिए आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने इस बिल के लिए सभी दलों व सांसदों का भी हृदय से आभार व्यक्त किया है।
हम सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे: AISPLB
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड (AISPLB) के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और इसके खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे। अब्बास ने दावा किया कि वक्फ संशोधन विधेयक के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) को विचार देने के बावजूद उन्हें नजरअंदाज किया गया।
उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यूनाइटेड) और चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) पर मुस्लिम समुदाय का "समर्थन नहीं करने" पर निराशा व्यक्त की। "वे मुस्लिम वोट चाहते हैं, और उन्हें लगता है कि उनके पैरों के नीचे की जमीन खिसक रही है। पैरो की जमीन वापस लेने के लिए वो मुसलमानों की हित की बात कर रहे हैं"। यह दुखद है कि जेडी(यू) और टीडीपी दोनों ने मुस्लिम समुदाय का समर्थन नहीं किया।
पार्टी मुस्लिम समुदाय का पूरा समर्थन करेगी: मायावती
मायावती ने एक्स पर पोस्ट किया, "दुख की बात यह है कि सरकार इस विधेयक को बहुत जल्दबाजी में लेकर आई और इसे पारित भी करवा लिया, जो उचित नहीं है और अब जब यह विधेयक पारित हो गया है, अगर सरकार इसका दुरुपयोग करती है, तो पार्टी मुस्लिम समुदाय का पूरा समर्थन करेगी।
इससे मुस्लिम समुदाय के करोड़ों लोगों को फायदा होगा: किरेन रिजिजू
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा, "हां में 128 और ना में 95, अनुपस्थित शून्य। विधेयक पारित हो गया है।" विधेयक पारित करने के लिए सदन आधी रात के बाद भी बैठा रहा। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों पर वक्फ संशोधन विधेयक पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि इससे मुस्लिम समुदाय के करोड़ों लोगों को फायदा होगा।
यह भी पढ़ें- Waqf Bill: 'मुस्लिमों को तंग करने के लिए लाया गया विधेयक', वक्फ बिल पर राज्यसभा में गरमाई बहस, खड़गे ने घेरा
बता दे कि राज्यसभा में विधेयक पर 12 घंटे से अधिक समय तक चली बहस का जवाब देते हुए रिजिजू ने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति द्वारा दिए गए कई सुझावों को संशोधित विधेयक में शामिल किया गया है। रिजिजू ने कहा कि वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 का नाम बदलकर उम्मीद (एकीकृत वक्फ प्रबंधन सशक्तीकरण दक्षता और विकास) विधेयक रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications