Pics: सीएम के सामने बिलखती विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना, मिले चार आश्वासन
अपने पति को खो चुकीं कल्पना सीएम योगी से मुलाकात के दौरान भावुक हो गईं और बिलखती हुईं नजर आईं।
नई दिल्ली। लखनऊ में यूपी पुलिस की गोली का शिकार हुए एप्पल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई। अपने पति को खो चुकीं कल्पना सीएम योगी से मुलाकात के दौरान भावुक हो गईं और बिलखती हुईं नजर आईं। इस मामले में जिस तरह शुरुआत में पुलिस अधिकारियों ने लापरवाही दिखाई, उसे देखते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ एक्शन में आ गए हैं। सीएम योगी ने कल्पना से मुलाकात के दौरान उन्हें आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

सीएम योगी ने पूरी की ये मांगें
सीएम योगी आदित्यनाथ से विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना की मुलाकात के बाद यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने बताया कि उनके साथ पूरा न्याय किया जाएगा। दिनेश शर्मा ने बताया कि इस मामले में सीएम योगी ने मृतक विवेक तिवारी के परिवार को 25 लाख रु की आर्थिक सहायता, बच्चों के नाम 5-5 लाख रुपए की एफडी, विवेक की माता के जीवनयापन के लिए उनके नाम पर 5 लाख की एफडी और विवेक तिवारी की पत्नी को उनकी योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी का ऐलान किया गया है।

मुलाकात के बाद कल्पना ने क्या कहा?
सीएम योगी से मुलाकात के बाद विवेक की पत्नी कल्पना ने कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से उन्हें हर सभंव मदद का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीएम से मुलाकात के बाद राज्य सरकार पर उनका भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को लेकर जो चिंताएं थी, सीएम योगी को उनसे अवगत कराया। कल्पना ने बताया कि उन्होंने अपने पति की हत्या के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग भी की है। सीएम योगी ने उनकी बातों को सुना और आश्वासन दिया कि हर संभव मदद सरकार द्वारा की जाएगी।

मामले में पहले दिखाई गई लापरवाही
आपको बता दें कि बीते शुक्रवार की रात लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में एप्पल के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की मौत पुलिस की गोली से हो गई थी। इस घटना से यूपी की सियासत में भी भूचाल आ गया। आरोप है कि घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने शुरुआत में इस मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन जब मामला मीडिया में आया तो आनन-फानन में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजा गया। इस मामले में पहले अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया।












Click it and Unblock the Notifications