बीजेपी के 4 नेता, पिछले 6 महीने में जिन्हें सीएम पद से देना पड़ा इस्तीफा, जानिए इनके बारे में
नई दिल्ली, 11 सितम्बर। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहमदाबाद स्थित सरदारधाम भवन के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम के बाद विजय रूपाणी राजभवन पहुंचे और उन्होंने राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही विजय रूपाणी बीजेपी के चौथे मुख्यमंत्री हैं जिन्हें बीते 6 महीने में अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है। आइए हम बताते हैं कि विजय रूपाणी के अलावा हाल में बीजेपी के किन मुख्यमंत्रियों को कुर्सी से हाथ धोना पड़ा है।

येदियुरप्पा का इस्तीफा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने राज्य में लंबे विरोध के बाद जुलाई में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। येदियुरप्पा पर अपनी ही पार्टी के विधायकों ने गंभीर आरोप लगाए थे जिसमें सरकार के कामकाज में उनके बेटे का हस्तक्षेप भी शामिल था। ऐसा करने वालों में येदियुरप्पा की कैबिनेट में शामिल मुख्यमंत्री ही थे। राज्य के कई विधायक येदियुरप्पा के खिलाफ शिकायत लेकर दिल्ली तक पहुंचे थे। इसके साथ ही येदियुरप्पा की उम्र भी उनके लिए बाधा बनी हुई थी। 78 साल की उम्र में कुर्सी पर बने रहने वाले वे बीजेपी के इकलौते मुख्यमंत्री थे लेकिन राज्य में लिंगायत समुदाय में उनके मजबूत समर्थन के चलते पार्टी ने उन्हें नहीं हटाया था। आखिरकार जुलाई में येदियुरप्पा ने पद से इस्तीफा दिया और उनकी जगह बोम्मई को सीएम बनाया गया।
Recommended Video

उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह रावत की गई कुर्सी
9 मार्च को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत (70 में 57 सीट) मिलने के बाद बीजेपी ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को राज्य के मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपी थी लेकिन तीन सालों में उनकी कार्यप्रणाली को लेकर विधायकों और कार्यकर्ताओं में असंतोष के स्वर उभरने लगे थे। इसी दौरान त्रिवेंद्र सिंह रावत दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करने पहुंचे और वहां से लौटने के बाद राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया। खास बात यह है कि 17 मार्च को त्रिवेंद्र सिंह रावत अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले थे लेकिन 8 दिन पहले ही 9 मार्च को उन्होंने पद छोड़ दिया।

चार महीने में ही तीरथ ने भी छोड़ा पद
त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में तीरथ सिंह रावत को नया नेता चुना गया। तीरथ सिंह रावत के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि बीजेपी उनके चेहरे के साथ ही आगामी चुनाव में जाएगी। लेकिन चुनावी साल के बीच पद संभाले तीरथ सिंह रावत को बमुश्किल चार महीने ही बीते थे एक बार फिर से राज्य में मुख्यमंत्री बदलने की बारी आ गई। 2 जुलाई को तीरथ सिंह रावत ने आश्चर्यजनक रूप से राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। तीरथ सिंह रावत के बाद पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री चुना गया।

चौथे सीएम बने रूपाणी
अब विजय रूपाणी चौथे ऐसे बीजेपी नेता बन गए हैं जिन्होंने पिछले छह महीने में मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दिया है। इस्तीफा देने के बाद रूपाणी ने कहा कि यह दायित्व का परिवर्तन भर है। बीजेपी में किसी को पद नहीं जिम्मेदारी मिलती है। उन्होंने कहा कि उन्हें 5 साल के लिए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिली इसके लिए वे केंद्रीय नेतृत्व और खासतौर पर पीएम मोदी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में उन्हें जो भी दायित्व दिया जाएगा वह उसका निर्वहन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications