Dilip Kumar RIP: शत्रुघ्न सिन्हा का बड़ा सवाल- दिलीप कुमार को 'भारत रत्न' क्यों नहीं दिया गया?
मुंबई, 08 जुलाई। बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार दिलीप कुमार ने बुधवार को 98 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।वो लंबे वक्त से से बीमार चल रहे थे। उनको कल पूरे राजकीय सम्मान के साथ जूहू के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। दिलीप कुमार के निधन से एक बार फिर से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। 'ट्रेजडी किंग' के जाने पर हर कोई गमगीन है तो वहीं शॉटगन के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा ने उनके बारे में खास बात कहते हुए एक सवाल भी उठा दिया है।

दिलीप कुमार को 'भारत रत्न' क्यों नहीं दिया गया?
'ईटाइम्स' से बातचीत करते हुए सिन्हा ने कहा कि मुझे अचरज होता है कि जिस दिलीप कुमार ने सबसे ज्यादा फिल्मफेयर अवॉर्ड्स जीते, जिन्हें नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया ,उन्हें 'भारत रत्न' से सम्मानित क्यों नहीं किया गया। ये एक सोचनीय विषय है।

'मैं दिलीप साहब की किसी से तुलना नहीं करना चाहता हूं'
उन्होंने आगे कहा कि मैं दिलीप साहब की किसी से तुलना नहीं करना चाहता हूं, वो अनुपम थे और बेमिसाल थे लेकिन इतना जरूर कहना चाहता हूं कि ऐसे कई दूसरे हैं जिन्हें 'भारत रत्न' मिला है, मुझे लगता है कि इस बारे में किसी को सोचना चाहिए था।

'दुनिया से बॉलीवुड का बादशाह चला गया'
आपको बता दें कि बॉलीवुड के महान नायक दिलीप कुमार को सरकार ने 1991 में पद्म भूषण, साल 1994 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और साल 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। हिंदी सिनेमा के बेहतरीन अभिनेता कहे जाने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि दिलीप कुमार बॉलीवुड के सही में बादशाह थे, उनके निधन से जो सूनापन आया है, उसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता है।

मैं दिल से बहुत ज्यादा दुखी हूं: सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे कहा कि फिल्मी दुनिया में तीन स्टार थे, देव आनंद, राजकपूर और दिलीप कुमार, राज और देव साहब को तो हम पहले ही खो चुके थे, वो घाव अभी भरे ही नहीं थे कि बुधवार को दिलीप साहब ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया, ये बहुत दुखद है, मैं दिल से बहुत ज्यादा दुखी हूं, ये दर्द ऐसा है, जिसे बयां नहीं किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications