Vande Bharat Sleeper Train: कोलकाता से गुवाहाटी तक चलेगी पहली स्लीपर वंदे भारत, कितना होगा किराया?
Vande Bharat Sleeper Train: भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अब लगभग तैयार है।अत्याधुनिक सुरक्षा और सुविधाओं से लैस यह ट्रेन कोलकाता से गुवाहाटी तक चलेगी। आम भारतीयों के लिए यह लग्जरी ट्रेन एक नया और बेहतरीन अनुभव साबित हो सकता है। कुछ दिन पहले ही नई दिल्ली स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस ट्रेन का निरीक्षण किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में गुवाहाटी-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। संभावना है कि यह ट्रेन 18 या 19 जनवरी के आसपास नियमित सेवा में शुरू हो जाएगी।

Vande Bharat Sleeper Train: लेटेस्ट टेक्नोलॉजी से लैस ट्रेन
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस ट्रेन की खासियत बताते हुए कहा था कि इसमें यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
- इसमें कवच ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, ऑटोमैटिक दरवाजे, एडवांस लेवल का फायर ब्रिगेड जैसी सुविधाएं हैं। इसके अलावा, सभी कोचों में सीसीटीवी निगरानी शामिल है।
- साफ-सफाई के लिए नियमित रूप से डिसइंफेक्टेंट स्प्रेयर का उपयोग किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सफर के दौरान बेहतरीन अनुभव मिलेगा।
Vande Bharat Sleeper Train: 16 डिब्बे वाली ट्रेन होगी, स्पीड जबरदस्त
- 16 डिब्बों वाली इस अत्याधुनिक ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 823 यात्रियों की है। इसकी डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा है।
- फिलहाल यह ट्रेन 120 से 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। यह ट्रेन पश्चिम बंगाल और असम के कई प्रमुख जिलों को कवर करेगी, जिससे पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
Vande Bharat Sleeper Train News: मिडिल क्लास को ध्यान में रख किराया तय
इस लग्जरी ट्रेन का किराया तय करते हुए ध्यान रखा गया है कि आम आदमी इसे अफोर्ड कर सकें। थर्ड एसी का किराया (भोजन सहित) करीब ₹2,300, सेकंड एसी का ₹3,000 और फर्स्ट एसी का ₹3,600 रहने की उम्मीद है। यह हवाई यात्रा के मुकाबले काफी सस्ता है, जहां टिकट की कीमत 6,000 से 8,000 रुपये तक होती है।
Vande Bharat ट्रेन में परोसे जाएंगे स्थानीय व्यंजन
ट्रेन में 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच होंगे। बेहतर कुशनिंग वाले एर्गोनॉमिक बर्थ, वेस्टिब्यूल कनेक्टेड कोच, कम शोर और स्मूद सस्पेंशन जैसी सुविधाएं हैं। इससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। इसके अलावा, यात्रियों को स्थानीय लोक संस्कृति का भी अनुभव मिलेगा। गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया व्यंजन और कोलकाता से चलने वाली सेवा में बंगाली व्यंजन मिलेंगे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन सभी जरूरी परीक्षण और प्रमाणन प्रक्रियाओं से गुजर चुकी है। अब व्यावसायिक संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। वंदे भारत स्लीपर को भारत में रात्रिकालीन रेल यात्रा में एक क्रांतिकारी बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications